झारखण्ड कोलियरी मज़दूर यूनियन एवं सीटू ने रणधीर वर्मा चौक पर दिया धरना
मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका, इस्तीफे की मांग
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखण्ड कोलियरी मज़दूर यूनियन एवं सीटू के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को रणधीर वर्मा चौक पर धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शन केंद्र सरकार द्वारा लाए जा रहे विवादित खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन (MMDR) संशोधन बिल तथा चारों मजदूर विरोधी लेबर कोड को तत्काल वापस लेने की प्रमुख मांगों को लेकर किया गया।
यूनियन के ज़ोनल उपाध्यक्ष रतिलाल टुडू ने केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि केंद्र सरकार लगातार कॉर्पोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए मजदूरों के बुनियादी अधिकारों को कुचलने का काम कर रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “मजदूरों की हकमारी किसी भी सूरत में नहीं होने दी जाएगी। अपने हक और अधिकारों की रक्षा के लिए मजदूर वर्ग सड़क से लेकर संसद तक लंबी लड़ाई लड़ने को तैयार है।”
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी गहरा रोष प्रकट किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया। यूनियन नेताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता बहाल करने और मुख्य चुनाव आयुक्त के तत्काल इस्तीफे की मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन के समापन पर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित एक विस्तृत मांग-पत्र उपायुक्त के अनुपस्थिति में उप विकास आयुक्त (DDC) को सौंपा गया। इस ज्ञापन में MMDR संशोधन बिल और चारों लेबर कोड्स को रद्द करने के साथ-साथ मजदूरों व आम जनता के ज्वलंत मुद्दों पर केंद्र सरकार से अविलंब ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
नेताओं ने संकल्प दोहराया कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और लोकतंत्र की मजबूती के लिए उनका संघर्ष आगे भी मजबूती से जारी रहेगा।