रैयती जमीन पर अवैध निर्माण, संपत्ति की रक्षा की लगाई गुहार

रैयती जमीन पर अवैध निर्माण, संपत्ति की रक्षा की लगाई गुहार

डीजे न्यूज, धनबाद: मंगलवार को जन शिकायत कोषांग के प्रभारी उमेश हांसदा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम जनों की समस्याएं सुनीं।

इसमें तेतुलमारी निवासी एवं बीसीसीएल से सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक ने अपनी निजी रैयती भूमि पर दबंगों द्वारा अवैध निर्माण कराने एवं सरकारी फंड के दुरुपयोग की शिकायत की। उन्होंने बताया कि तेतुलमारी थाना के समीप, मैगज़ीन घर के पास उनकी एवं उनके भाई की 4 एकड़ 20 डिसमिल निजी रैयती जमीन है। बताया कि क्षेत्र के दबंग स्थानीय प्रशासन को गुमराह करके बिना किसी एनओसी के उनकी निजी जमीन पर जबरन सरकारी भवन का निर्माण करा रहे है। जबकि झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा उनके पक्ष में फैसला दिया जा चुका है। न्यायालय के आदेश के बावजूद दबंगों द्वारा प्रशासन को बरगलाकर निजी लाभ व सरकारी राशि के गबन के उद्देश्य से निर्माण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने संपत्ति व अधिकारों की रक्षा करने की गुहार लगाई।

इसके अलावा जनता दरबार में ऑनलाइन लगान जमा नहीं होने, बेलगड़िया में आवास आवंटित करने, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर निर्माण के लिए अधिग्रहित जमीन का पुनः मूल्यांकन करने एवं उचित मुआवजा दिलाने, चौकीदार नियुक्ति में रिक्त पदों पर पुनः बहाली करने, भूले ‘डी’ ब्लॉक में बड़ा कब्रिस्तान की घेराबंदी और सौंदर्य करण करने, राशन कार्ड बनाने सहित अन्य शिकायत प्राप्त हुई।

जनता दरबार में प्राप्त आम जनों की शिकायतों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को अग्रसारित किया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top