ASI के बेटे ऋतिक यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी आजसू छात्र संघ का जिला उपाध्यक्ष सतीश यादव गिरफ्तार, पुलिस के सामने कबूला जुर्म
डीजे न्यूज, गिरिडीह : डुमरी-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर बंदरकुप्पी के समीप पुलिस सहायक अवर निरीक्षक के बेटे की हत्या का मुख्य आरोपी सतीश यादव (आजसू छात्र संघ का जिला उपाध्यक्ष) की गिरफ्तारी हो गई है। गिरफ्तारी के बाद से पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। पूछताछ में सतीश ने अपना जुर्म भी स्वीकार किया है। गिरफ्तारी की पुष्टि पुलिस ने की है।
बता दें कि गुरुवार (24 सितंबर) की रात को सहायक अवर निरीक्षक का पुत्र मुफ्फसिल थाना इलाके के राजेंद्र नगर निवासी ऋतिक यादव अपने साथियों के साथ बंदरकुप्पी मैगी पॉइंट गया था। यहीं पर पीरटांड थाना इलाके के नावाडीह निवासी सतीश यादव भी पहुंचा था। यहां दोनों में कहासुनी हुई, फिर एक दूसरे को देख लेने की बात हुई।
इसके बाद सतीश यादव बराकर की तरफ चला गया, वहीं ऋतिक गिरिडीह तरफ आने लगा। थोड़ी देर में सतीश अपने गुर्गों के साथ पहुंचा और मैगी पॉइंट पर आकर ऋतिक को खोजने लगा। पता चला कि ऋतिक आगे गया है। सतीश भी अपने गुर्गों के साथ आगे बढ़ा तो रास्ते में ही (बदगुन्दा मोड़ से पहले) ऋतिक और उसके साथी मिल गए, जो कार रोके हुए थे। यहीं पर ऋतिक के ऊपर हमला कर दिया गया। उसकी इतनी पिटाई की गई कि उसने दम तोड़ दिया।
एसपी ने गठित की विशेष टीम
इस हत्याकांड के बाद सतीश फरार हो गया था। फरार होने के बाद उसकी तलाश पुलिस कर रही थी। इस बीच पूरे कांड के अनुसंधान और हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर एसपी डॉ. बिमल कुमार ने सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। टीम में मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन के साथ-साथ, अवर निरीक्षक विवेक माधुरी, एसपी द्वारा गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन सेल के पदाधिकारी अवर निरीक्षक मणिकांत समेत अन्य पदाधिकारी और टेक्निकल सेल के कर्मी को शामिल किया गया। टीम घटना के बाद से ही छापेमारी और फरार अभियुक्तों की खोज में जुट गई। सबूत इकट्ठा किए गए और अंततः कांड के मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। बताया जाता है कि सतीश की गिरफ्तारी एसपी डॉ. बिमल को मिली इनपुट पर हुई है। अभी भी अभियुक्त से पूछताछ हो रही है।
ऋतिक की हत्या में शामिल मुख्य अभियुक्त सतीश यादव को गिरफ्तार किया गया है। अभी टीम पूछताछ कर रही है।
डॉ. बिमल कुमार, एसपी*