जनसमस्याओं के निवारण मेंलापरवाही बर्दाश्त नहीं : देवघर उपायुक्त सौरभ भुवानिया
जनता दरबार में कहा-सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ तय समय सीमा के भीतर शिकायतों का निपटारा करना सुनिश्चित करें
डीजे न्यूज, देवघर : जिलावासियों के समस्याओं के समाधान और त्वरित निष्पादन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने जनता दरबार में भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान से संबंधित, झारखण्ड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, पेंशन, आवास से जुड़े मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा। साथ ही उपायुक्त द्वारा वहां उपस्थित सभी लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएँ सुनी गयी एवं आश्वस्त किया गया कि संज्ञान में आए हुए सभी शिकायतों की जाँच कराते हुए जल्द से जल्द सभी का समाधान किया जाएगा। वहीं जनता दरबार के दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने, झारखण्ड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, पेंशन एवं राजस्व से संबंधित मामलों को ऑन स्पॉट निराकरण संबंधित विभाग द्वारा किया गया।
इसके अलावा जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने देवीपुर प्रखंड के अंतर्गत फसल बीमा योजना (बसल बीमा योजना) से जुड़ी शिकायतों को अत्यंत गंभीरता से लिया है। उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी को इस मामले की गहन जांच करने और जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है, ताकि किसानों को उनका हक सही समय पर मिल सके। आगे उपभोक्ताओं को बिजली बिलों से जुड़ी आ रही समस्याओं और त्रुटियों के निराकरण के लिए उपायुक्त ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को विशेष कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया है। इन कैंपों के माध्यम से आम जनता के गलत बिजली बिलों को मौके पर ही सुधारा जाएगा। इसके अलावा जनता दरबार के दौरान बैंकों से संबंधित विभिन्न मामलों और आम जनता को होने वाली परेशानियों को देखते हुए उपायुक्त ने लीड बैंक मैनेजर (LDM) को विशेष हिदायत दी है। उन्होंने एलडीएम को निर्देशित किया है कि वे बैंकों से जुड़ी समस्याओं के निदान पर विशेष ध्यान दें और यह सुनिश्चित करें कि ग्राहकों को अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें।इसके अतिरिक्त विभिन्न आवेदन शिकायत के रूप में आये, जो कि जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित थे। ऐसे में जनता दरबार में सभी शिकायतकर्ता की समस्याओं को सुनने के पश्चात उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनसमस्याओं के निवारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ तय समय सीमा के भीतर शिकायतों का निपटारा करना सुनिश्चित करें। साथ ही इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के अंदर अपना प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करें, ताकि शिकायतों के निष्पादन की निगरानी की जा सके।