सऊदी अरब में फंसे बगोदर के महेंद्र महतो की नहीं हुई वापसी, परिवार ने फिर लगाई गुहार
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत खेतको निवासी प्रवासी मजदूर महेंद्र महतो की सऊदी अरब से अब तक वतन वापसी नहीं हो सकी है। नवंबर 2025 से सऊदी अरब में फंसे महेंद्र की वापसी में हो रही देरी से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। परिवार ने एक बार फिर केंद्र सरकार, विदेश मंत्रालय और रियाद स्थित भारतीय दूतावास से हस्तक्षेप कर उनकी सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित कराने की मांग की है। परिजनों के अनुसार, रोजी-रोटी की तलाश में महेंद्र रोजगार के लिए सऊदी अरब गए थे। वहां पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर दवा से जुड़े एक मामले को लेकर उन्हें डिटेन किया गया था। जांच-पड़ताल के बाद उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन इसके बाद भी उनकी परेशानियां खत्म नहीं हुईं। वहीं इस मामले में परिजनों का कहना है कि इसके बाद महेंद्र ने करीब चार महीने तक कंपनी में काम किया। बाद में कंपनी ने उन्हें काम से हटा दिया। परिवार का आरोप है कि कंपनी की ओर से उनका बकाया वेतन भी अब तक नहीं दिया गया है। नौकरी छूटने के बाद उनके सामने आर्थिक परेशानी के साथ कानूनी प्रक्रिया की समस्या भी बनी हुई है। मामले की जांच लंबित होने के कारण महेंद्र की स्वदेश वापसी की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। करीब दस महीने से घर से दूर रहने के कारण परिवार भी लगातार उनकी वापसी का इंतजार कर रहा है।
प्रवासी मजदूरों के हित और सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए लगातार आवाज उठाने वाले समाजसेवी सिकंदर अली ने सरकार से विदेशों में फंसे मजदूरों के मामलों में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में मजदूरों को अकेला नहीं छोड़ा जा सकता। केंद्र व राज्य सरकार संबंधित भारतीय दूतावास के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराते हुए उनकी सुरक्षित और वतन वापसी सुनिश्चित किया जाय।