प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सदस्यता बढ़ाने पर जोर

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सदस्यता बढ़ाने पर जोर

डीजे न्यूज, धनबाद: भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार यूनियन (संबद्ध-भारतीय मजदूर संघ) की झारखंड प्रदेश औद्योगिक इकाई एवं अखिल भारतीय कंस्ट्रक्शन मजदूर महासंघ की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक  भारतीय मजदूर संघ कार्यालय, विश्वकर्मा भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वनाथ पंडित ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री धर्मजीत चौधरी ने किया।
बैठक में झारखंड के सभी 12 जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री एवं कोषाध्यक्ष शामिल हुए। इस दौरान पिछले तीन महीनों में संगठन की ओर से किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। सदस्यता अभियान, बैंक खाता, केंद्र एवं झारखंड सरकार की श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं तथा बीओसी  कार्ड से संबंधित कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया।
जनवरी में सभी जिलों में होगा धरना-प्रदर्शन
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जनवरी 2027 में झारखंड के सभी जिलों में श्रम अधीक्षक कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान को तेज करते हुए अधिक से अधिक श्रमिकों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। जनवरी में ही प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सभी प्रस्ताव भारत माता की जय के उद्घोष के साथ पारित किए गए।
बीओसी कार्ड के लाभ, इसे बनवाने के नियम एवं प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दत्तोपंत ठेंगड़ी श्रमिक शिक्षा बोर्ड एवं विकास बोर्ड के प्रशिक्षक सहदेव ने दी।
बैठक में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश मंत्री प्रभात रंजन, विभाग प्रमुख रविंद्र मिश्रा, कार्यसमिति सदस्य रमेश चौबे, धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मुरारी ताती, जिला सहमंत्री नवनीत सिंह, मनोज साव एवं कोषाध्यक्ष सुभाष सिंह उपस्थित रहे।
भवन निर्माण यूनियन की ओर से संगठन मंत्री पप्पू विश्वकर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम प्रकाश दास, प्रदेश मंत्री शीतला महतो, मुकेश महतो, धनबाद जिला मंत्री प्रभाकर चौधरी, संगठन मंत्री गणेश साव तथा सिंदरी विधानसभा संयोजक चेतू महतो समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
तीन को मिली नई जिम्मेदारी
बैठक में संगठनात्मक विस्तार के तहत तीन पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई। सेवानिवृत्त डीएसपी मधु कच्छप को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, मुरारी लाल तिवारी को बोकारो जिला संयोजक तथा बेबी मोनिका सोरेन को गोड्डा जिला कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व दिया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top