हरिणा में प्रज्ञा केंद्र में चोरी, विरोध में दुकानदारों ने किया सड़क जाम
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
बरोरा थाना क्षेत्र के हरिणा कॉलोनी रोड स्थित प्रज्ञा केंद्र का एस्बेस्टस शीट तोड़कर शुक्रवार रात चोरों ने करीब एक हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। शनिवार सुबह जब संचालक राजू साव केंद्र पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। उन्होंने इसकी सूचना बरोरा पुलिस को दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का जायजा लिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इधर आए दिन हो रहे चोरी की वारदात से आजिज आकर दुकानदारों ने हरिना-गोमो मार्ग को हनुमान मंदिर के पास जाम कर दिया। दुकानदारों ने बताया कि सात सितंबर को भी प्रज्ञा केंद्र व उसके बगल की मोबाइल दुकान, 22 सितंबर को कुणाल ज्वेलर्स में चोरी हुई थी। इन घटनाओं का उदभेदन पुलिस नहीं कर पाई है।
बरोरा थानेदार अभय कुमार, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मिथलेश कुमार जामस्थल पर पहुंचे। थानेदार ने चोरी की वारदातों का जल्द से जल्द उद्भेदन करने और हरिणा बाजार में पुलिस की रात्रि पेट्रोलिग सख्त करने का आश्वासन दिया। इसके बाद दुकानदारों ने रोड जाम समाप्त कर दिया।