पिता के श्राद्ध के बीच उठी बेटे की अर्थी, सड़क हादसे में छोटेलाल की मौत से गांव में मातम

पिता के श्राद्ध के बीच उठी बेटे की अर्थी, सड़क हादसे में छोटेलाल की मौत से गांव में मातम

डीजे न्यूज, बिरनी (गिरिडीह) : पिता के श्राद्ध कर्म की रस्में पूरी भी नहीं हुई थीं कि बेटे की सड़क हादसे में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बिरनी के भरकट्टा ओपी क्षेत्र अंतर्गत गारागुरो के समीप कोडरमा-कोवाड़-भरकट्टा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में 45 वर्षीय छोटेलाल यादव की मौत हो गई, जबकि उनका जीजा छत्रधारी यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज गिरिडीह स्थित मर्सी अस्पताल में चल रहा है।

बताया जाता है कि गारागुरो निवासी छोटेलाल यादव के पिता भोला यादव का श्राद्ध कर्म चल रहा था। शुक्रवार शाम करीब सात बजे छोटेलाल कुछ सामान फेंकने के लिए घर से बाहर निकले थे। उनके साथ उनका जीजा, जमुआ थाना क्षेत्र के कुसैया निवासी 50 वर्षीय छत्रधारी यादव भी था। दोनों पैदल घर लौट रहे थे। घर से करीब 20 मीटर पहले मुख्य सड़क पर तेज बारिश और अंधेरे के बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को इलाज के लिए गिरिडीह के मर्सी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने छोटेलाल यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि छत्रधारी यादव का इलाज जारी है। हादसे के बाद बाइक सवार वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

शव सड़क पर रखकर पांच घंटे तक जाम

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह छोटेलाल यादव का शव गारागुरो स्थित घर के सामने मुख्य सड़क पर रखकर जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने और घायल के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने की मांग कर रहे थे।

सूचना मिलने पर भरकट्टा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय, एएसआई जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक वार्ता हुई। ओपी प्रभारी के आश्वासन के बाद करीब पांच घंटे बाद सुबह 10 बजे जाम हटाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और घटना की जांच शुरू कर दी।

पत्नी की मौत के दो साल बाद परिवार पर फिर टूटा दुख

छोटेलाल यादव की पत्नी कलवा देवी उर्फ पार्वती देवी का निधन करीब दो वर्ष पूर्व हो चुका है। अभी पिता भोला यादव के श्राद्ध की रस्में भी पूरी नहीं हुई थीं कि छोटेलाल की मौत हो गई। मृतक के पीछे नाबालिग पुत्र-पुत्री हैं। वृद्ध मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार कह रही थीं कि पति का श्राद्ध भी पूरा नहीं हुआ और अब बेटा भी दुनिया छोड़कर चला गया।

स्ट्रीट लाइट और स्पीड ब्रेकर की मांग

ग्रामीणों ने बताया कि कोडरमा-कोवाड़-भरकट्टा मुख्य मार्ग पर अंधेरे और तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गारागुरो सहित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार अगस्त में भी इसी मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी थी, जिसमें एक बच्ची की मौत हो गई थी और उसके माता-पिता घायल हुए थे।

सड़क जाम में उप प्रमुख शेखर शरण दास, जिप सदस्य सूरज सुमन, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, ईश्वर मंडल, भाजपा नेता रामू यादव, मनोज यादव, रिशलचंद यादव, चैतलाल यादव, तिलक वर्मा, राजकमर वर्मा, रामचंद्र यादव, भुनेश्वर वर्मा, कुलदीप वर्मा, रामजी यादव, शशि ठाकुर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top