अब अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर कसे शिकंजा
लिंग चयन एवं भ्रूण लिंग जांच जैसी अवैध गतिविधियों को करें बंद : रामनिवास यादव
डीजे न्यूज, गिरिडीह : PC & PNDT Act के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के अल्ट्रासाउंड केंद्रों की स्थिति, पंजीकरण, नवीनीकरण और नए केंद्रों के आवेदनों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने बिना वैध लाइसेंस अथवा अनधिकृत रूप से संचालित क्लीनिक और अल्ट्रासाउंड केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने छापेमारी दल गठित कर नियमित एवं गहन जांच अभियान चलाने को कहा। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
नए अल्ट्रासाउंड केंद्रों के लिए प्राप्त आवेदनों के सत्यापन को लेकर भी उपायुक्त ने संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच एवं सत्यापन किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि लिंग चयन एवं भ्रूण लिंग जांच जैसी अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रोक जरूरी है। PC & PNDT Act बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा और लैंगिक संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कानून है। उन्होंने कानून का उल्लंघन करने वाले संस्थानों और व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिले के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों के नियमित निरीक्षण, पंजीकरण की स्थिति और आवश्यक अभिलेखों के संधारण की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने तथा कानून के प्रावधानों को लेकर प्रखंड एवं जिला स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी, PC & PNDT समिति के सदस्य समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।