जाति प्रमाण पत्र बनाने में भेदभाव का आरोप, सीएससी संचालकों ने सीओ से लगाई जांच की गुहार
डीजे न्यूज, देवरी,गिरिडीह : देवरी प्रखंड में जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को लेकर शुक्रवार को कई सीएससी संचालकों ने सवाल उठाते हुए अंचलाधिकारी को आवेदन सौंपा। संचालकों ने मामले की जांच कर प्रक्रिया में एकरूपता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग कीसीएससी संचालकों का आरोप है कि कुछ सीएसपी संचालकों द्वारा केवल आधार कार्ड के आधार पर जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने की बात सामने आ रही है। वहीं, अन्य सीएससी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने वाले लोगों को जाति प्रमाण पत्र के लिए एक से दो महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है।संचालकों के अनुसार, कई मामलों में लंबे समय तक आवेदन लंबित रहने के बाद कभी कर्मचारी स्तर से तो कभी अंचलाधिकारी स्तर से आवेदन वापस किए जाने की बात सामने आती है। इससे प्रमाण पत्र बनवाने वाले आवेदकों के साथ-साथ सीएससी संचालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी मामले को लेकर शुक्रवार को विभिन्न पंचायतों के सीएससी संचालक अंचल कार्यालय पहुंचे और अंचलाधिकारी को आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया की जांच कराने तथा सभी केंद्रों के लिए समान नियम और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।
मौके पर भेलवाघाटी, मारूडीह, मानिकबाद समेत विभिन्न पंचायतों के कई सीएसपी संचालक मौजूद थे।