गिरिडीह कॉलेज में छह मांगों को लेकर झारखंड छात्र मोर्चा का धरना 

गिरिडीह कॉलेज में छह मांगों को लेकर झारखंड छात्र मोर्चा का धरना 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह कॉलेज में छात्र हितों और शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर झारखंड छात्र मोर्चा ने गुरुवार से धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। मोर्चा ने कॉलेज प्रशासन के समक्ष छह सूत्रीय मांगें रखते हुए शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान की मांग की।

मोर्चा का कहना है कि कॉलेज परिसर को राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनाने के बजाय शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित शैक्षणिक संस्थान के रूप में संचालित किया जाना चाहिए। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी और शैक्षणिक माहौल बेहतर बनेगा।

मोर्चा की प्रमुख मांगों में कॉलेज परिसर में राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगाने, शैक्षणिक सत्र को निर्धारित समय पर पूरा कराने और विद्यार्थियों की पढ़ाई में हो रही देरी को दूर करने की मांग शामिल है। इसके अलावा प्रोफेसर विनिता कुमारी की शैक्षणिक जिम्मेदारियों एवं राजनीतिक गतिविधियों में भूमिका की जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई है।

मोर्चा ने प्रोफेसर सतीश यादव के पूर्व में जेल जाने से संबंधित मामले की भी जांच की मांग की है। साथ ही पूर्व प्राचार्य डॉ. अनुज कुमार के कार्यकाल में लिए गए प्रशासनिक एवं वित्तीय निर्णयों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग रखी गई है।

छात्र मोर्चा ने कॉलेज परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी की है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो और परिसर की गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

मोर्चा ने कहा कि आंदोलन विद्यार्थियों की समस्याओं और कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के उद्देश्य से किया जा रहा है। कॉलेज प्रशासन एवं विश्वविद्यालय से मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की गई।

धरना में जिला अध्यक्ष अभय कुमार, जिला सचिव विशाल झा, जिला उपाध्यक्ष रौनक मिश्रा, रोहित कुमार, सुमेर वर्मा, बड्डी यादव, आर्यन वर्मा, सूरज मंडल, राज पांडे, बिट्टू यादव, आदित्य यादव, राकेश यादव, रितेश पाठक, करीना कुमारी, रोहित मरांडी, दुर्गा सोरेन, बिरन बास्की, गोविंद किस्कू, सावन मुर्मू, दीपक सोरेन, अस्टीफन मरांडी, सुनुलाल टुडू, सुनील मरांडी, पंकज मुर्मू, विमल मरांडी, संजीव मुर्मू और विनय हांसदा सहित अन्य मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top