जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार की मौत बीच सड़क खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार

जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार की मौत बीच सड़क खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार
डीजे न्यूज, जमशेदपुर : झारखंड से इस वक्त बड़ी और हृदयविदारक खबर सामने आ रही है। जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और शवों को गैस कटर से काटकर निकालना पड़ा।

यह हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास गुरुवार तड़के हुआ। जानकारी के अनुसार, एक भारी ट्रक बुधवार रात करीब 10 बजे से ही ब्रेकडाउन होने के कारण मरीन ड्राइव की बीच सड़क पर लावारिस हालत में खड़ा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित कार सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर होकर ट्रक के पीछे फंस गया। कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और बचाव अभियान शुरू किया। मृतकों के शव कार के अंदर बुरी तरह फंस चुके थे और कुछ के सिर धड़ से अलग हो गए थे। पुलिस को क्षत-विक्षत शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद कार के मलबे को काटकर शवों को निकाला गया।

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में हुई है।
*मुख्यमंत्री ने जताया शोक*
इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने ऑफिशियल X पर लिखा- जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है।
अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top