जीवन में आयुर्वेदिक पद्धतियों और प्राकृतिक उपचार को अपनाने की जरूरत: संजीव सिंह
डीजे न्यूज, धनबाद: 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर लुबी सर्कुलर रोड स्थित विवाह भवन में बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धनबाद के मेयर संजीव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने लोगों से आयुर्वेद को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति है, जो स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि लोगों को आयुर्वेदिक पद्धतियों और प्राकृतिक उपचार को अपने जीवन में अपनाना चाहिए, जिससे वे स्वस्थ और निरोग रह सकें।
कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद के महत्व और इसके प्रति लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में दर्जनों आयुर्वेद चिकित्सक और अन्य लोग मौजूद रहे।
वहीं, विश्व आयुर्वेद परिषद के प्रदेश महासचिव डॉ. अमरेंद्र कुमार पाठक ने कहा कि आयुर्वेद को विश्व पटल पर और मजबूत पहचान दिलाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद ने पूरी दुनिया को चिकित्सा का ज्ञान दिया है और इसे राष्ट्रीय चिकित्सा पद्धति के रूप में विकसित कर आम लोगों के जीवन से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर धनबाद के जनप्रतिनिधियों, विधायक राज सिन्हा, मेयर संजीव सिंह और जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम भी ज्ञापन भेजा जाएगा।