देवरी को अनुमंडल बनाने की मांग तेज, भारी बारिश के बीच महाधरना – नेताओं ने कहा यह जन-आवाज है, राजनीतिक मांग नहीं
डीजे न्यूज, देवरी (गिरिडीह) : देवरी प्रखंड को अनुमंडल का दर्जा देने की मांग को लेकर बुधवार को देवरी प्रखंड मुख्यालय परिसर में नागरिक मंच, देवरी के तत्वावधान में एक दिवसीय महाधरना प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं कार्यकर्ता धरना स्थल पर पहुंचे और देवरी को अनुमंडल बनाने की मांग को मजबूती से उठाया।
महाधरना में मुख्य रूप से उपस्थित वक्ताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि देवरी क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, बड़ी आबादी, प्रशासनिक आवश्यकताओं और क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए यहां अनुमंडल की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। प्रखंड क्षेत्र की आबादी लगभग दो लाख के आसपास है, जबकि देवरी से निकटतम अनुमंडल मुख्यालय की दूरी करीब 60 किलोमीटर है। इतनी अधिक दूरी के कारण आम लोगों को प्रशासनिक एवं सरकारी कार्यों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
वक्ताओं ने कहा कि देवरी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्र पूर्व में नक्सली गतिविधियों से भी प्रभावित रहा है। क्षेत्र में दो बार नक्सलियों द्वारा झारखंड के प्रमुख नरसंहार की घटनाएं भी हो चुकी हैं। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आम लोगों तक शासन-प्रशासन की पहुंच आसान बनाने के लिए देवरी को अनुमंडल का दर्जा देना महत्वपूर्ण है।
वक्ताओं ने कहा कि देवरी की परिस्थितियां अनुमंडल गठन की मांग को मजबूत आधार प्रदान करती हैं। बड़ी आबादी, लंबी दूरी, भौगोलिक एवं प्रशासनिक कठिनाइयों तथा क्षेत्र की संवेदनशील पृष्ठभूमि को देखते हुए सरकार को इस मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने दलीय राजनीति से ऊपर उठकर देवरी को अनुमंडल बनाने की मांग का समर्थन किया। वक्ताओं ने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल की मांग नहीं, बल्कि देवरी क्षेत्र के आम नागरिकों की वर्षों पुरानी आवश्यकता है।
धरना स्थल से सरकार से मांग की गई कि देवरी को अनुमंडल बनाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए और इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं भौगोलिक सर्वेक्षण कराकर ठोस निर्णय लिया जाए। वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार इस मांग पर सकारात्मक पहल नहीं करती है तो नागरिक मंच के नेतृत्व में आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जाएगा।
भारी बारिश के बीच आयोजित इस महाधरना ने यह संदेश दिया कि देवरी को अनुमंडल का दर्जा देने की मांग अब केवल एक मांग नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों की सामूहिक आवाज बनती जा रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य विनय कुमार शर्मा व संचालन पंकज राम ने किया। मौके पर फूलचंद हाजरा, रघुनंदन प्रसाद सिंह, कामेश्वर पासवान, मनोज कुमार राय, रूपेश कुमार सिंह, अनिल चौधरी, अविनाश चन्द्र राय, फाल्गुनी राय, सुखदेव हाजरा, मंजूर अंसारी, रामदेव चौधरी, बनारस प्रसाद सिंह, छोटू साव, सुनील वर्मा, अजय सिंह, सत्यनारायण चौधरी, गजेन्द्र राणा, उमेश राय, निरंजन शर्मा, उपेंद्र साव, नकुल माहथा आदि कई लोग मौजूद थे।