बीसीसीएल व डीजीएमएस की लापरवाही के खिलाफ आंदोलन पर उतरे कतरासवासी
जुलूस निकाल जताया आक्रोश, फूंका पुतला
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): अवैध कोयला खनन और भू धंसान के विरोध में कतरास के नागरिकों ने चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत कर दी। आंदोलन के पहले चरण में रविवार को कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले नागरिकों ने गुहीबांध बस स्टैंड से जुलूस निकाल शहर का भ्रमण किया। इस दौरान बीसीसीएल और डीजीएमएस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कतरास थाना चौक पर बीसीसीएल व डीजीएमएस का पुतला जलाया।
बीसीसीएल व डीजीएमएस की लापरवाही व अनदेखी रवैया पर नाराजगी व्यक्त करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कतरास-पचगढ़ी पिलरों पर टिकी हुई है। इस स्थिति में पिलरों को काटकर अवैध कोयला खनन करना यहां की जनता के भविष्य लिए खतरे की घंटी है। जगह-जगह पर लगातार भू धंसान की घटनाएं घटित हो रही है। लोगों के घर जमींदोज हो रहे हैं। भू धंसान की चपेट में आकर लोग असमय ही काल के गाल में समा रहे हैं। इसके बावजूद जनता की सुरक्षा को लेकर संबंधित विभाग द्वारा किसी तरह का ठोस कदम नहीं उठाया जाना चिंता का विषय है। घर, दुकान असुरक्षित हो गया है। अगर जल्द ही संबंधित विभाग ने ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
जुलूस में प्रदीप पांडे, प्रकाश राम गुप्ता, चुन्ना यादव, सुरेश केडिया, मनोज गुप्ता, अर्जुन तिवारी, राजेश स्वर्णकार, मो अफसर छोटू, कौशर खान, रितेश गुप्ता, भगवान यादव, राजकुमार अग्रवाल, पंकज गुप्ता, देवानंद बर्मन, पिंटू सिंह, अशोक गुप्ता, संतोष गुप्ता, मो अमान, महबूब आलम, राजू अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, आदित्य गुप्ता, अरुण साव, बड़कू भाई, महताब आलम, साहेब सहित सैकड़ों की संख्या लोग शामिल हुए।