लोयाबाद भू-धंसान: जदयू जिलाध्यक्ष ने प्रभावितों से की मुलाकात
डीजे न्यूज, धनबाद: लोयाबाद 7 नंबर मस्जिद बस्ती में भू-धसान की घटना की जानकारी मिलते ही जनता दल यूनाइटेड के जिलाध्यक्ष पिंटू कुमार सिंह रविवार को घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने भू-धसान प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया और आसपास रह रहे बस्तीवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं स्थिति की जानकारी ली।
इस दौरान पिंटू कुमार सिंह ने कहा कि घटना बेहद दुखद है। भू-धसान से प्रभावित लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सोमवार को वह बीसीसीएल के सीएमडी से मुलाकात कर बस्तीवासियों के सुरक्षित पुनर्वास और उचित मुआवजे का मुद्दा उठाएंगे।
उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन से मांग की कि प्रभावित परिवारों को किसी भी तरह के खतरे में रहने के लिए मजबूर न किया जाए और जल्द से जल्द सभी लोगों का सुरक्षित पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित बस्तीवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।