मंदनाडीह में हाथियों का कहर, दो घरों में घुसकर अनाज किया साफ, मक्कई की फसल रौंदी

मंदनाडीह में हाथियों का कहर, दो घरों में घुसकर अनाज किया साफ, मक्कई की फसल रौंदी

डीजे न्यूज, पीरटांड़,गिरिडीह : हरलाडीह पंचायत के मंदनाडीह गांव में हाथियों के झुंड ने रात में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने दो ग्रामीणों के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और घर में रखा चावल व मक्कई खा गए। इसके अलावा छोटू टुडू की बारी में लगी मक्कई की फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया। हाथियों के अचानक गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।

बताया गया कि हाथियों का झुंड सबसे पहले राजन मरांडी के घर के पास पहुंचा। हाथियों ने घर को क्षतिग्रस्त कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखा चावल खा लिया। इसके बाद शनि देवी के घर को भी नुकसान पहुंचाया। घर में प्रवेश करने के बाद हाथियों ने वहां रखा चावल और मक्कई खा लिया।

हाथियों के गांव में घुसने की सूचना मिलते ही ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर चले गए। इसके बाद हाथियों ने छोटू टुडू की बारी में पहुंचकर मक्कई की फसल को रौंद दिया। इससे खेत में लगी फसल को काफी नुकसान हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों का आवागमन लगातार बना हुआ है। इससे ग्रामीणों को जान-माल की चिंता सताने लगी है। रात के समय घर से बाहर निकलना भी लोगों के लिए जोखिम भरा हो गया है। अशोक हेंब्रम ने कहा कि हाथियों के कारण घरों में रखे अनाज और खेतों में लगी फसलों को लगातार नुकसान हो रहा है। गरीब परिवारों के लिए यह नुकसान बड़ी परेशानी का कारण है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को गांव से दूर भगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा क्षतिग्रस्त घरों और नष्ट फसलों का आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा देने की मांग की है। हाथियों के डर से ग्रामीण रात में समूह बनाकर निगरानी करने को मजबूर हैं।

वनपाल गौतम कुमार राय ने बताया कि हाथियों से नुकसान हुआ है। प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी। मुखिया को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया है। वहीं हाथियों को गांव से दूर भगाने के लिए वन विभाग की टीम भी रवाना हो चुकी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top