धनबाद-केंदुआ मुख्य मार्ग के मुद्दे पर सांसद ने कोल इंडिया चेयरमैन से की बात, निर्माण कार्य में आई तेजी

धनबाद-केंदुआ मुख्य मार्ग के मुद्दे पर सांसद ने
कोल इंडिया चेयरमैन से की बात, निर्माण कार्य में आई तेजी

विधायक राज ने आर्थिक नाकेबंदी स्थगित करने की घोषणा की

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग के केंदुआ क्षेत्र में भू-धंसान से प्रभावित केंदुआ–राजपूत बस्ती मुख्य मार्ग के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण कार्य का रविवार को झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने केंदुआ पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों से बातचीत कर सड़क निर्माण से जुड़ी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान यह देखा गया कि विधायक  राज सिन्हा द्वारा दिए गए अल्टीमेटम तथा आंदोलन की घोषणा के बाद सड़क निर्माण कार्य में तेजी आई है। निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति को देखते हुए विधायक ने 21 सितंबर को प्रस्तावित नाकेबंदी एवं चक्का जाम कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया।
वहीं, इस महत्वपूर्ण सड़क की समस्या को विधायक राज सिन्हा द्वारा लगातार उठाए जाने तथा प्रस्तावित आंदोलन को गंभीरता से लेते हुए धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने गंभीर  पहल की। उन्होंने कोल इंडिया के चेयरमैन से बातचीत कर केंदुआ–राजपूत बस्ती मुख्य मार्ग के निर्माण कार्य में अविलंब तेजी लाने एवं आवश्यक पहल करने को कहा। सांसद की इस पहल के बाद भी निर्माण कार्य को गति देने की दिशा में प्रयास तेज हुए हैं।
ज्ञात हो कि सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर विधायक  राज सिन्हा ने बीसीसीएल के पीबी एरिया महाप्रबंधक को पत्र लिखकर तीन दिनों के भीतर निर्माण कार्य में ठोस तेजी लाने का अल्टीमेटम दिया था। पत्र की प्रतिलिपि बीसीसीएल सीएमडी, धनबाद उपायुक्त, धनबाद आरक्षी अधीक्षक सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को भी दी गई थी। विधायक ने स्पष्ट किया था कि यदि जनता की परेशानी को देखते हुए निर्माण कार्य में तेजी नहीं लाई गई, तो जनहित में चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा।
इसके बाद स्थानीय व्यवसायियों, दुकानदारों एवं क्षेत्रवासियों के साथ हुई बैठक में 21 सितंबर से केंदुआ थाना मोड़ पर नाकेबंदी की घोषणा की गई थी। आंदोलन की तैयारियां भी शुरू कर दी गई थीं। लेकिन अब निर्माण कार्य में आई तेजी और सड़क के शीघ्र दुरुस्त होने की दिशा में हो रही प्रगति को देखते हुए विधायक  ने प्रस्तावित आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया है।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य की गति को बनाए रखते हुए सड़क को जल्द से जल्द सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के योग्य बनाया जाए, ताकि आगामी दुर्गापूजा एवं अन्य पर्व-त्योहारों के दौरान क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनहित के मुद्दों पर वे आगे भी पूरी मजबूती के साथ जनता की आवाज उठाते रहेंगे।
निरीक्षण के दौरान राजेश गुप्ता, तमाल राय, अभिमन्यु सिंह, राजेश सिंह, जाहिद अंसारी, भोला सिंह, रंजीत मधेशिया, राजेश मधेशिया, मनचल चौरसिया, आनंद खंडेलवाल, नवीन वर्मा, मेघनाथ वर्मा, राजा चौरसिया, विक्रम वर्णवाल, अजीत गुप्ता, आनंद सिंह, राजीव राय भट्ट, बजरंगी वर्मा, रवि रजक, रवी शर्मा, सचिन पासवान, सागर पंडित, जमुना रवानी, परमेश्वर पंडित सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यवसायी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top