लोयाबाद में तेज आवाज के साथ भू-धंसान, 4 घर चपेट में
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): धनबाद में एक के बाद एक हो रही भू-धंसान की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कतरास, सिजुआ, सोनारडीह के बाद रविवार को लोयाबाद थाना क्षेत्र के लोयाबाद सात नंबर मुस्लिम मोहल्ले में तेज आवाज के साथ अचानक बड़ा भू-धंसान हो गया। भू-धंसान की चपेट में करीब चार घर आ गए। बताया जा रहा है कि दो घरों के परिवार के लोग भी घर के साथ जमीन में धंस गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।
भू-धंसान इतना जोरदार था कि दोनों घरों का सामान भी जमीन में समा गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही लोयाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और भू-धंसान वाले इलाके की बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही को सुरक्षित किया। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम घटनास्थल का जायजा ले रही है। वहीं, स्थानीय लोगों में लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं को लेकर दहशत का माहौल है।