दुर्गा पूजा से छठ तक शहर की सफाई और सुविधाओं पर रहेगा निगम का फोकस

दुर्गा पूजा से छठ तक शहर की सफाई और सुविधाओं पर रहेगा निगम का फोकस

डीजे न्यूज, गिरिडीह : दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा को लेकर गिरिडीह नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व-त्योहारों के दौरान शहर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर महापौर प्रमिला मेहरा की अध्यक्षता में शनिवार को नगर निगम कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में उप महापौर सुमित कुमार, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा, उप नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त समेत निगम के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में पूजा पंडालों, प्रमुख पूजा स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान शहर में सफाई व्यवस्था किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं हो। कचरे का नियमित उठाव और समुचित निष्पादन सुनिश्चित करने के साथ पूजा पंडालों के आसपास जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

छठ पूजा को लेकर घाटों की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। छठ घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था समेत श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों का निरीक्षण कर जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित करने को कहा गया।

इसके अलावा दुर्गा पूजा और दीपावली के दौरान प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगातार सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सफाई कर्मियों और संसाधनों की तैनाती करने तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग का निर्देश दिया गया।

नगर निगम प्रशासन ने सभी तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और संबंधित कार्यों की लगातार समीक्षा करने की बात कही। पर्व-त्योहारों के दौरान शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाए रखने के लिए विभागीय समन्वय के साथ काम करने पर भी जोर दिया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top