डिजिटल सबूतों से अपराध की जांच होगी और पुख्ता, धनबाद पुलिस को विशेष प्रशिक्षण

डिजिटल सबूतों से अपराध की जांच होगी और पुख्ता, धनबाद पुलिस को विशेष प्रशिक्षण

डीजे न्यूज, धनबाद : साइंटिफिक और आईटी आधारित अनुसंधान को मजबूत करने के उद्देश्य से धनबाद समाहरणालय में पुलिस अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जिले के सभी थाना के इंस्पेक्टर, साइबर थाना के इंस्पेक्टर, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी सहित साइबर एवं लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी शामिल हुए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और अनुसंधानकर्ताओं को आईटी से जुड़े मामलों की वैज्ञानिक तरीके से जांच करने की जानकारी दी जा रही है। इसमें डिजिटल एविडेंस और फॉरेंसिक एविडेंस के संग्रह, डिजिटल फुटप्रिंट की पहचान तथा उसे सुरक्षित तरीके से कलेक्ट करने की प्रक्रिया पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से अनुसंधानकर्ताओं को आईटी से जुड़े मामलों की जांच में दक्ष बनाया जा रहा है, ताकि ऐसे मामलों का गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी अनुसंधान किया जा सके।

चार सप्ताह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रत्येक सप्ताह दो कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें पदस्थापित इंस्पेक्टर के साथ आईटी से जुड़े मामलों के अनुसंधान के लिए अधिकृत सब इंस्पेक्टर भी शामिल होंगे।

एसएसपी ने बताया कि आईटी से जुड़े मामलों के गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान को लेकर इस महीने सभी संबंधित पदाधिकारियों और अनुसंधानकर्ताओं को कम से कम तीन आईटी संबंधी मामलों के निष्पादन का लक्ष्य दिया गया है। प्रशिक्षण का उद्देश्य डिजिटल साक्ष्यों के वैज्ञानिक उपयोग के जरिए साइबर एवं आईटी से जुड़े मामलों के अनुसंधान को और मजबूत करना है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top