पंचायतों में स्वच्छता व जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन

पंचायतों में स्वच्छता व जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन

डीजे न्यूज, धनबाद: “स्वच्छता ही सेवा 2026” अभियान के अंतर्गत पंचायत स्तर पर शनिवार को व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनचेतना का प्रसार करना तथा स्वच्छ व स्वस्थ गांव के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।

इस संबंध में उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पंचायतों में व्यापक जनसहभागिता देखने को मिली। स्थानीय मुखिया, जल सहिया, आंगनवाड़ी सेविका एवं सहायिका, स्वयं सहायता समूह की सदस्याओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने आगे बढ़कर विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया

इस दौरान गांवों के सार्वजनिक स्थलों, पंचायत भवनों और गलियों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। ग्रामीणों को स्वच्छता का महत्व समझाने के लिए आकर्षक स्वच्छता रंगोली सजाई गई और ‘स्वच्छता दीप’ प्रज्वलित किए गए। सभी जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने अपने परिवेश को स्वच्छ रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की सामूहिक शपथ ली।

साथ में सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्थानीय जल स्रोतों की गुणवत्ता जांच फिल्ड टेस्टिंग किट से की गई। हरित आवरण को बढ़ाने के संकल्प के साथ “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम के तहत पौधारोपण किया गया।

उप विकास आयुक्त ने बताया कि इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि एक स्वस्थ और समृद्ध समाज की नींव है, जिसे निरंतर सामुदायिक सहभागिता से ही साकार किया जा सकता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top