एमएमडीआर के खिलाफ झामुमो ने दिया धरना, राष्ट्रपति के नाम छह सूत्री मांग पत्र सौंपा
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): खान खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक के विरुद्ध झामुमो ने शनिवार को बलियापुर प्रखंड व अंचल कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया और वहीं धरना दिया। इस अवसर पर बलियापुर हाई स्कूल मैदान, हीरक चौक, पहाड़पुर मोड, सिंदूरपुर आदि स्थानों से सैकड़ो की संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं समर्थक बाइक रैली एवं अन्य वाहनों से प्रखंड कार्यालय के गेट के समक्ष पहुंचे थे।
वक्ताओं ने केंद्र सरकार के खान खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन बिल की तीखी आलोचना करते हुए इसे काला कानून बताया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार एक साजिश के तहत झारखंड की खनिज संपदाओं को अपने पूंजीपति मित्रों के हाथों कब्जा दिलाने के लिए तरह-तरह का हथकंडा अपनाती रही है। झारखंड की जनता झामुमो के नेतृत्व भाजपा के इस साजिश का करारा जवाब देगी। वक्ताओं में पार्टी के केंद्रीय सदस्य जग्गू महतो, महावीर महतो, हैदर अली अंसारी, निर्मल रजवार, राजेंद्र किस्कू, समीर मुर्मू, राजेंद्र हेंब्रम, ईश्वर मरांडी, चंडी चरण देव, लालमोहन महतो, रमेश महतो, अब्दुल कादिर, लक्ष्मी महतो, नुनु लाल हेंब्रम, विजय महतो आदि शामिल थे। प्रदर्शनकारियों की ओर से देश के राष्ट्रपति के नाम छह सूत्री मांग पत्र बीडीओ एवं सीओ को देते हुए केंद्र सरकार से अविलंब एमएमडीआर बिल को वापस लेने की मांग की गई।