एमपीएल मैथन और अपना यंग बॉयज के बीच मुकाबला 1-1 से ड्रॉ
डीजे न्यूज, धनबाद: जिला सीनियर फुटबॉल लीग के तहत मैथन स्टेडियम में खेले गए शांति गोपाल दा सीनियर फुटबॉल लीग के रोमांचक मुकाबले में एमपीएल स्पोर्ट्स क्लब मैथन और अपना यंग बॉयज क्लब के बीच मैच 1-1 गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ।
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मैच के 11वें मिनट में अपना यंग बॉयज क्लब की ओर से रितेश मरांडी ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद एमपीएल स्पोर्ट्स क्लब ने बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन मध्यांतर तक अपना यंग बॉयज क्लब एक गोल की बढ़त बनाए रखने में सफल रहा।
मध्यांतर के बाद एमपीएल स्पोर्ट्स क्लब मैथन ने खेल में वापसी करते हुए आक्रामक रुख अपनाया। इसका फायदा उसे मैच के 50वें मिनट में मिला, जब आकाश मुर्मू ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने बढ़त हासिल करने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हो सका और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
मैच में निर्णायक की भूमिका सूदन लाल सोरेन, जेवियर टुडू, मधुसूदन सोरेन और हेमलाल टुडू ने निभाई।