नगर निगम ने दिया ‘स्वच्छ हवा – स्वस्थ जीवन’ अपनाने का संदेश
डीजे न्यूज, धनबाद: ‘स्वच्छ वायु दिवस-2026’ के अवसर पर धनबाद नगर निगम ने बुधवार को न्यू टाउन हॉल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि स्वच्छ वायु के लिए हर नागरिक को जागरूक बनना होगा। जब तक हर नागरिक जागरुक नहीं बनेगा तब तक इसके सकारात्मक परिणाम नहीं मिलेंगे।
उन्होंने सभी नागरकों से अपने आसपास साफ सफाई रखने, अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण करने एवं अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। कहा कि साझा भागीदारी से हवा स्वच्छ हो सकती है।
इस अवसर पर नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि वायु प्रदूषण को लेकर पहले लोग उतने जागरूक नहीं थे जितना अब है। उन्होंने बताया कि जिले को वायु प्रदूषण से मुक्त करने के लिए नगर निगम ने कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। 5 जून से 14 अगस्त तक सभी 55 वार्ड में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। स्कूल व कॉलेज में जागरूकता अभियान चलाया। इसमें सभी स्टेकहोल्डर्स एवं जिले के आम नगरिकों ने बढ़ चढ़कर सहयोग प्रदान किया। परिणाम स्वरूप इस वर्ष धनबाद नगर निगम ने स्वच्छ शहरों की रैंकिंग में झारखंड में प्रथम एवं भारत में 18वां स्थान प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि वायु प्रदूषण पर सतत निगरानी रखने के लिए नगर निगम ने 10 सेंसर बेस्ड मॉनिटरिंग सिस्टम, 5 बड़े-बड़े एलइडी डिस्पले लगाए हैं। कोई भी व्यक्ति वायु प्रदूषण का स्तर ऑनलाइन भी देख सकते हैं। आने वाले समय में धनबाद नगर निगम की रैंकिंग को और ऊंचे पायदान पर ले जाने के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन, व्हीकल स्क्रैप, ग्रीन वॉल फेंसिंग सहित अन्य योजनाओं पर कार्य किया जाएगा।
नगर आयुक्त ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य शहरवासियों को वायु प्रदूषण के प्रति जागरूक करना और एक हरित व स्वस्थ भविष्य की दिशा में प्रेरित करना है।
उन्होंने शहर में अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण करने पर जोर दिया। खुले में कचरा जलाने की गतिविधियों को पूर्णतः बंद करने की अपील की। निजी वाहनों के सीमित उपयोग तथा सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। ऊर्जा के हरित और नवीकरणीय स्रोतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रत्येक नागरिक से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
न्यू टाउन हॉल में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर आकर्षक प्रदर्शनी लगाई थी। जबकि साथी फाउंडेशन ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर नाटक प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, नगर आयुक्त आशिष गंगवार, वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, बीबीएमकेयू के कुलपति प्रोफेसर डॉ राम कुमार सिंह, सिम्फर के निदेशक, बीआईटी सिंदरी के निदेशक प्रो पंकज राय, बीसीसीएल व डीजीएमएस के पदाधिकारी, सहायक नगर आयुक्त प्रतिभा रानी, असार सोशल इनपुट की अंकिता ज्योति, नगर निगम के पदाधिकारी के अलावा बड़ी संख्या में विभिन्न विद्यालयों के छात्र एवं छात्राएं उपस्थित थे।