धनबाद में झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम का शुभारंभ

धनबाद में झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम का शुभारंभ

डीजे न्यूज, धनबाद: ग्रामीण महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को सशक्त, टिकाऊ एवं बाजारोन्मुख व्यवसाय के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) एवं आईआईएम-सीआइपी, कोलकाता के संयुक्त तत्वावधान में झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को समाहरणालय स्थित डीएमएफटी सभागार में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, झरिया विधायक रागिनी सिंह एवं उप विकास आयुक्त सन्नी राज की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर आईआईएम-सीआइपी, कोलकाता की टीम, जेएसएलपीएस के डीपीएम  सुदीप्तो बनर्जी सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, कर्मी तथा अन्य संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से उद्यमी दीदी, बैंक सखी, सीआरपी-ईपी, बीडीएसपी, बीपीएम एवं बीपीओ-ईपी सहित अन्य संबंधित कैडर ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की महिला उद्यमियों को व्यवसाय के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन, क्षमता निर्माण, बाजार से जुड़ाव तथा उद्यम को व्यवस्थित एवं टिकाऊ रूप से विकसित करने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया।

झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को केवल आजीविका के साधन तक सीमित न रखते हुए उन्हें सुदृढ़, टिकाऊ, नवाचार-आधारित एवं बाजारोन्मुख व्यवसाय के रूप में विकसित करना है। इसके अंतर्गत महिला उद्यमियों को व्यवसायिक योजना निर्माण, उत्पाद एवं सेवा विकास, बाजार की समझ, ब्रांडिंग, वित्तीय प्रबंधन तथा बाजार से जुड़ाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं में उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करने, उनके व्यवसायों को नई दिशा देने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के अवसरों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने महिला उद्यमिता को ग्रामीण आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक महिला उद्यमियों को इससे जोड़ने पर जोर दिया।

इस संबंध में उप विकास आयुक्त ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्वयं सहायता समूह आधारित महिला उद्यमियों को गैर-कृषि क्षेत्र में सशक्त बनाकर उनके व्यवसाय के विस्तार, राजस्व वृद्धि और आजीविका सुदृढ़ीकरण में मदद करना है।

योजना के तहत कुल 150 उद्यमियों का चयन किया जाएगा। जिन्हें ₹10 लाख तक का अनुदान अथवा ब्याज-मुक्त ऋण के रूप में वित्तीय सहायता दी जाएगी। साथ में आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क द्वारा व्यक्तिगत मार्गदर्शन और व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसके अलावा उनके उत्पाद की ब्रांडिंग और व्यवसाय के समग्र विकास में तकनीकी सहायता, आधुनिक उपकरण, नई तकनीक और व्यावसायिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ में नेटवर्किंग, बाजार संपर्क (मार्केट लिंकेज) और सरकारी योजनाओं से जुड़ाव में मार्गदर्शन दिया जाएगा।

जेएसएलपीएस के डीपीएम ने बताया कि ऐसे उद्यमी जिनका स्वामित्व ग्रामीण सखी मंडल की सदस्यों, उनके परिवारों या निकट संबंधियों के पास हो, पंजीकृत बड़े उद्यमी, समूह उद्यमी अथवा व्यक्तिगत उद्यमी तथा विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्र में कार्यरत उद्यमी इसके लिए आधिकारिक पोर्टल https://nipjharkhand.iimcip.net पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए जेएसएलपीएस की आधिकारिक वेबसाइट jslps.jharkhand.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह,  विधायक झरिया रागिनी सिंह, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जेएसएलपीएस के डीपीएम  सुदिप्ता बनर्जी, विधायक टुंडी के प्रतिनिधि  मदन महतो के अलावा अन्य लोग मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top