जातीय जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम की मांग को रांची में प्रदर्शन
केंद्र सरकार पर ओबीसी की संख्या छिपाने का आरोप
डीजे न्यूज, धनबाद: जातीय जनगणना 2027 में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए पृथक कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के तत्वावधान में बुधवार को रांची में पैदल मार्च एवं प्रदर्शन किया गया। मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से लोकभवन तक निकाले गए मार्च में धनबाद से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। बाद में कार्यकर्ताओं ने राजभवन पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की ओबीसी के प्रति नीयत स्पष्ट नहीं है। उनका आरोप था कि सरकार जातीय जनगणना में ओबीसी की वास्तविक संख्या सामने नहीं लाना चाहती। नेताओं ने कहा कि ओबीसी की आबादी का सही आंकड़ा सामने आने से ही इस वर्ग को उसकी जनसंख्या के अनुरूप अधिकार, प्रतिनिधित्व और योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सकता है।
धनबाद से पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता रांची पहुंचे और प्रदर्शन में भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने ओबीसी के लिए जातीय जनगणना में अलग कॉलम की मांग को लेकर जोरदार आवाज उठाई और केंद्र सरकार से इस दिशा में स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की।
मार्च में रवीन्द्र कुमार वर्मा, राजेश्वर सिंह यादव, राजकुमार महतो, असलम मंसूरी, श्रीराम चौरसिया, संजय जायसवाल, पप्पू पासवान, अवधेश पासवान, गणपत महतो, राहुल महतो, बलराम महतो, मुनोवर हुसैन, विंध्याचल यादव, राहुल पांडेय, सीब्लू खान, मेघन पासवान, राजा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।