सुदिव्य सोनू के दशकर्म में पहुंचे रघुवर दास, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

सुदिव्य सोनू के दशकर्म में पहुंचे रघुवर दास, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

डीजे न्यूज, गिरिडीह : दिवंगत झारखंड सरकार के मंत्री एवं गिरिडीह के सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के दशकर्म संस्कार के अवसर पर मंगलवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास उनके आवास पहुंचे। उन्होंने दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।

इस दौरान रघुवर दास ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधारा और पार्टी अलग होने के बावजूद सुदिव्य कुमार सोनू से उनका लगातार संवाद और बातचीत होती रहती थी। उन्होंने कहा कि सोनू विपक्ष को भी साथ लेकर चलने की कोशिश करते थे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में सुदिव्य कुमार सोनू सरकार का पक्ष मजबूती और पूरी ताकत के साथ रखते थे। विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों का वे बेबाक और कड़े अंदाज में जवाब देते थे। सदन में अपनी बात स्पष्ट एवं मजबूती से रखना उनकी राजनीतिक पहचान का अहम हिस्सा था।

रघुवर दास ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का व्यक्तित्व काफी मुखर था और वे अपनी बात स्पष्ट तरीके से रखने के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से राजनीतिक क्षेत्र में जो रिक्तता पैदा हुई है, उसकी भरपाई आसान नहीं होगी।

उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य रखने की सांत्वना दी तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top