युवती को निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, धनसार पुलिस ने मोतिहारी से आरोपी को दबोचा
धनबाद: धनसार थाना पुलिस ने युवती को अश्लील और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को बिहार के मोतिहारी से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर इंस्टाग्राम के जरिए युवती से दोस्ती करने और उसके निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को नेपाल बॉर्डर के समीप से गिरफ्तार किया।
धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की दोस्ती इंस्टाग्राम पर मोतिहारी के रहने वाले युवक से हुई थी। पहले दोनों के बीच गहरी दोस्ती हुई, जिसके बाद आरोपी ने युवती के निजी फोटो और वीडियो हासिल कर लिया। आरोप है कि बाद में वह फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। शिकायत मिलने के बाद धनसार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को मोतिहारी से गिरफ्तार किया और धनबाद लेकर आई। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।