ईशान की कप्तानी ने बढ़ाया झारखंड के युवाओं का हौसला, कुनैन के प्रदर्शन की एस.ए. रहमान ने की सराहना

ईशान की कप्तानी ने बढ़ाया झारखंड के युवाओं का हौसला, कुनैन के प्रदर्शन की एस.ए. रहमान ने की सराहना

डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद जिला क्रिकेट एसोसिएशन (DCA) के पूर्व महासचिव एस.ए. रहमान ने झारखंड के कप्तान ईशान किशन के नेतृत्व और युवा ऑलराउंडर कुनैन कुरैशी के शानदार प्रदर्शन की सराहना की है। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की सफलता ने धनबाद समेत पूरे झारखंड के युवा क्रिकेटरों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की उम्मीद मजबूत की है।

रहमान ने कहा कि अंडर-23 मुकाबलों में कुनैन कुरैशी ने 470 से अधिक रन बनाने के साथ 27 विकेट लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। शुरुआती 15 सदस्यीय चयन सूची में जगह नहीं मिलने के बावजूद ईशान किशन ने उन पर भरोसा जताया और उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका दिया। उन्होंने इसे ईशान की कप्तानी और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाली सोच का बेहतरीन उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि कुनैन ने मिले मौके को दोनों हाथों से भुनाते हुए दलीप ट्रॉफी में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। यह उपलब्धि बताती है कि निरंतर मेहनत और प्रदर्शन के दम पर युवा खिलाड़ी बड़े मंच तक पहुंच सकते हैं।

एस.ए. रहमान ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड को चैंपियन बनाने वाले कप्तान ईशान किशन की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ईशान में नेतृत्व क्षमता के साथ-साथ दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता भी है। जिस तरह 2007 में महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप का खिताब जीता था, उसी तरह ईशान किशन को भारतीय टी-20 टीम की कमान सौंपना भविष्य में बेहतर फैसला साबित हो सकता है।

रहमान ने कहा कि ईशान और कुनैन जैसे खिलाड़ियों की उपलब्धियां झारखंड के क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा हैं। इससे धनबाद और राज्य के अन्य जिलों में क्रिकेट की नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का हौसला मिलेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top