बिरसा मुंडा क्लब का शानदार आगाज, नेहरू क्लब को 2-0 से दी शिकस्त
डीजे न्यूज, धनबाद : जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित शांति गोपाल दा सीनियर फुटबॉल लीग का शनिवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में शानदार आगाज हुआ। इस वर्ष लीग की थीम ‘जम के खेलो’ रखी गई है। उद्घाटन मुकाबले में बिरसा मुंडा क्लब ने दमदार प्रदर्शन करते हुए नेहरू क्लब को 2-0 से पराजित कर विजयी शुरुआत की।
उद्घाटन समारोह से पहले जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा को जिला फुटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष मो. सलाउद्दीन ने अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद उमेश लोहरा तथा संघ के पदाधिकारियों मो. सलाउद्दीन, उदय मिश्रा, सुनील मिश्रा, सुभाष लोध, संतोष रजक और शिवा कुमार महतो ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और मैच का उद्घाटन किया।
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों में से कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं रही और मध्यांतर तक स्कोर 0-0 रहा।
दूसरे हाफ में बिरसा मुंडा क्लब ने खेल की रफ्तार बढ़ाते हुए नेहरू क्लब पर दबाव बनाना शुरू किया। मैच के 62वें मिनट में रवि लाल हेंब्रम ने शानदार गोल कर बिरसा मुंडा क्लब को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके तीन मिनट बाद ही 65वें मिनट में वीजा किस्कू ने दूसरा गोल दाग दिया। इसके साथ ही बिरसा मुंडा क्लब की बढ़त 2-0 हो गई।
अंतिम सीटी तक नेहरू क्लब की टीम वापसी नहीं कर सकी और बिरसा मुंडा क्लब ने 2-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच में निर्णायक की भूमिका जेवियर टुडू, दिनेश सोरेन, आजाद हेंब्रम और बासुदेव हेंब्रम ने निभाई।
लीग का अगला मुकाबला रविवार को एक्सीलेंस क्लब और राइजिंग स्टार क्लब के बीच खेला जाएगा।