सलैया-पचम्बा के बीच रेल हादसा, मालगाड़ी की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
डीजे न्यूज, पचंबा,गिरिडीह : पचम्बा और सलैया रेलवे स्टेशन के बीच शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में करीब 65 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। घटना पोल संख्या 96 के 13 और 14 के समीप हुई, जहां वृद्ध मालगाड़ी की चपेट में आ गया।
घटना शनिवार शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। इसी दौरान मालगाड़ी की चपेट में एक पशु के भी आने की सूचना है। अपनी गाय की तलाश में रेलवे ट्रैक के आसपास पहुंचे कुछ स्थानीय युवकों की नजर ट्रैक पर पड़े वृद्ध के शव पर पड़ी।
युवकों ने तत्काल इसकी सूचना समाजसेवी पवन कंधवे को दी। इसके बाद पवन कंधवे ने पचम्बा पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को रेलवे ट्रैक से हटवाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने में जुटी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।