देवरी में अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त, पिकअप से 902 बोतल शराब और 450 कैन बीयर बरामद

देवरी में अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त, पिकअप से 902 बोतल शराब और 450 कैन बीयर बरामद

डीजे न्यूज, देवरी,गिरिडीह : देवरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने नया साखों गांव के आसपास से एक पिकअप वैन को जब्त किया है, जिसमें 902 बोतल अंग्रेजी शराब और 450 कैन बीयर बरामद हुई है। हालांकि, पुलिस को देखते ही वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

इस संबंध में शुक्रवार को देवरी थाना परिसर में खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को गुप्त सूचना मिली थी कि देवरी थाना क्षेत्र के नया साखों गांव के आसपास एक पिकअप मालवाहक वाहन से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर एसडीपीओ खोरीमहुआ के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप वैन संख्या बीआर 39 के 8566 को रोका। पुलिस की कार्रवाई देख चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया। इसके बाद पुलिस वाहन को थाना लेकर आई, जहां तलाशी के दौरान अंग्रेजी शराब की कुल 902 बोतल और बीयर की 450 कैन बरामद की गईं।

मामले में देवरी थाना में प्राथमिकी दर्ज करते हुए उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस फरार चालक समेत अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

छापेमारी दल में अंचल निरीक्षक गावां रोहित कुमार महतो, देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी, एसआई उपेंद्र कुमार यादव, रिशु सिन्हा, उत्पाद विभाग के लक्ष्मण महतो, चौकीदार अब्दुल सत्तार, चंदन पासवान, नितेश कुमार राय, गुलटेन यादव, द्वारिका राय, केशव आनंद, गृह रक्षक जयदेव प्रसाद यादव, सुनील कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top