सीनियर फुटबॉल लीग: बिरसा मुंडा क्लब ने नेहरू क्लब को हराया

सीनियर फुटबॉल लीग: बिरसा मुंडा क्लब ने नेहरू क्लब को हराया

डीजे न्यूज, धनबाद: जिला फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित शांति गोपाल दा सीनियर फुटबॉल लीग का उद्घाटन शनिवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में हुआ। इस वर्ष लीग की थीम जम के खेलो रखी गई है। नेहरू क्लब और बिरसा मुंडा क्लब के बीच खेले गए उदघाटन मैच में बिरसा मुंडा क्लब 2-0 विजयी रही।
उद्घाटन से पूर्व जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा को जिला फुटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष मो. सलाउद्दीन ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद डीएसओ उमेश लोहरा तथा संघ के मो. सलाउद्दीन, उदय मिश्रा, सुनील मिश्रा, सुभाष लोध, संतोष रजक और शिवा कुमार महतो ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का उद्घाटन किया।
मुकाबले के पहले हाफ में दोनों टीमें एक-दूसरे पर बढ़त नहीं बना सकीं और मध्यांतर तक स्कोर 0-0 रहा। दूसरे हाफ में बिरसा मुंडा क्लब ने आक्रामक खेल दिखाया। मैच के 62वें मिनट में रवि लाल हेंब्रम ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके महज तीन मिनट बाद 65वें मिनट में वीजा किस्कू ने दूसरा गोल दागकर बिरसा मुंडा क्लब की बढ़त 2-0 कर दी। अंत तक नेहरू क्लब कोई गोल नहीं कर सका।
मैच में निर्णायक की भूमिका जेवियर टुडू, दिनेश सोरेन, आजाद हेंब्रम और बासुदेव हेंब्रम ने निभाई।
लीग का अगला मुकाबला रविवार को एक्सीलेंस क्लब और राइजिंग स्टार क्लब के बीच खेला जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top