बलियापुर की खबरें:-
दुकान में सेंधमारी कर लाखों के मोबाइल उड़ाए
बलियापुर: बलियापुर थाना क्षेत्र के झरिया रोड पर स्थित मांय मोबाइल गैलेक्सी एंड रिपेयरिंग सेंटर नामक दुकान में सेंधमारी कर चोरों ने लाखों रुपये मूल्य एंड्राइड मोबाइल सेट चोरी कर चलते बने। शनिवार को दुकान खोलने पर संचालक को चोरी की जानकारी हुई। सूचना पाकर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, एसआई महेश्वर महतो दुकान पहुंचे और तहकीकात की। दुकान संचालक लालाडीह निवासी मो तनवीर आलम ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम करीब 8:00 बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया। आज सुबह करीब 9:45 बजे जब उसने दुकान खोला तो दीवार में सेंध देख वह दंग रह गया। दुकान में रखें कोको, सैमसंग एवं रियलमी कंपनी के 20 एंड्राइड मोबाइल एवं ड्रायर से एक हजार रूपए गायब थे। चोरी इस घटना से दुकानदारों में भय है ।
अधिगृहित भूमि की वापसी को आंदोलन का निर्णय
बलियापुर: गोलमारा गांव में शनिवार की शाम मुकुंदा ओपन कास्ट प्रोजेक्ट से विस्थापित हुए विभिन्न गांवो के विस्थापितों की बैठक पूर्व मुखिया मनोज सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुकुंदा ओपन कास्ट प्रोजेक्ट के नाम पर बीसीसीएल द्वारा रैयतों की अधिग्रहित भूमि की वापसी की मांग को लेकर धरना व प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में मौजूद रैयत किसानों ने बीसीसीएल प्रबंधन एवं जरेडा के विरुद्ध जमकर नारबाजी की गई। बैठक में गौतम सिंह, विकास सिंह चौधरी, श्याम सिंह, सीरीज सिंह, पूर्व मुखिया जीत लाल सिंह, प्रभात सिंह, अनिल मंडल, श्रीनाथ सिंह, योगेंद्र सिंह, शीतल दत्त, अरुण महतो, विजय महतो, अजमल खान, बादल रवानी आदि मौजूद थे।
———————————————-
सिरकटी शव बरामदगी के मामले में दो से पूछताछ
बलियापुर: बलियापुर थाना क्षेत्र के ढांगी में शुक्रवार को बरामद सिरकटी शव मिलने की घटना के विरुद्ध मृतका पूनम कुमारी के पिता गिरिडीह स्थित बहादुरपुर गांव के संदीप रवानी के लिखित शिकायत पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। मृतका के पति कृष रवानी के अलावा अन्य आधा दर्जन लोगों को आरोपी बनाये जाने की खबर है, हालांकि इस संबंध में बलियापुर पुलिस अभी कुछ भी बताने से इंकार कर रही है। मृतका के पति कृष रवानी समेत अन्य दो लोगों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। फोन करने के बावजूद कोई पुलिस पदाधिकारी फोन रिसीव नहीं कर रहे हैं।
—————————————————-
डेकोरेटर एसोसिएशन की बैठक संपन्न
बलियापुर: डेकोरेटर एसोसिएशन बलियापुर शाखा का एक दिवसीय सम्मेलन सरिया बैंक्विट हॉल में इश्हाक अंसारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्यक्रम में संगठन के विस्तार पर विस्तृत चर्चा किया गया। मौके पर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार रंजन, नीरज शाह, बच्चू दत्त, विनोद कुमार गुप्ता, धनंजय रवानी, धीरेंद्र रवानी, अजीत कुमार, वरुण महतो, पप्पू मोकिम आदि मौजूद थे।
———————————————–
एक शिक्षक के भरोसे चल रहा स्कूल
बलियापुर: प्राथमिक विद्यालय जोड़ियापार दोलाबड़ में पदस्थापित सहायक आचार्य अचिंतो पद पांडे का स्थानांतरण दूसरे स्कूल में कर दिया गया है। उनके स्थानांतरण के बाद उक्त विद्यालय का पठन-पाठन का कार्य एक मात्र सहायक अध्यापक के भरोसे चल रहा है। उक्त विद्यालय में एक सहायक आचार्य एवं एक सहायक अध्यापक कार्यरत थे। डीएसई धनबाद ने स्कूल के सहायक आचार्य अचिंतो पद पांडे को यहां से दूधिया स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में स्थानांतरण कर दिया है । इसके बाद उक्त विद्यालय में अब एकमात्र सहायक अध्यापक श्रीकांत महतो रह गए हैं। कक्षा एक से पांचवी तक की पढ़ाई का जिम्मा एकमात्र शिक्षक के भरोसे रह गया है। शिक्षक के अभाव में प्रभावित हो रहे विद्यालय के पठन-पाठन कार्य को देखते हुए शनिवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल विधायक चंद्रदेव महतो से मिला और विद्यालय में शिक्षक की कमी की शिकायत की। विधायक ने प्रतिनिधिमंडल को समस्या के निदान का आश्वासन दिया है।