वार्ता के बाद आंदोलन खत्म, सहयोग राशि देने का मिला भरोसा
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): बीसीसीएल के सिजुआ मोड़ स्थित तीन पटिया धौड़ा में बीते दिनों भू धंसान की चपेट में आने से हुई एक बच्चे की मौत के बाद परिजन और स्थानीय नागरिक शव के साथ सिजुआ क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य द्वार पर आंदोलनरत थे। शुक्रवार को प्रशासन की मौजूदगी में बीसीसीएल प्रबंधन और पीड़ित परिवार के बीच हुई वार्ता के बाद आंदोलन खत्म हो गया। इसके बाद परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए चले गये।
बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल की मौजूदगी में हुई वार्ता में बीसीसीएल जीएम निर्झर चक्रवर्ती ने पीड़ित व प्रभावित परिवारों को सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मानवता के नाते बच्चे के आश्रित परिवार को सहयोग राशि देने का भरोसा दिया। एसडीपीओ ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायत मिली है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
वहीं डुमरी विधायक जयराम महतो भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मौके पर महाप्रबंधक निर्झर चक्रवर्ती, विष्णुकांत झा, एजीएम मणिकांत पांडेय, एपीएम उमंग ठक्कर, जगदीश कर्मकार सहित कई अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।