कतरास की खबरें:-
41 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरित
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): एमटी मध्य विद्यालय रामपुर में बुधवार को सादे समारोह का आयोजन कर साइकिल वितरित किया गया। कल्याण विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई साइकिल को वर्ग आठवीं के 41 छात्र-छात्राओं के बीच वितरण किया गया।
मौके पर संबंधित पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, विधायक प्रतिनिधि, प्रभारी प्रधानाध्यापक, प्रबंध समिति के अध्यक्ष तथा शिक्षकगण उपस्थित थे।
——————————————————
शिविर में 120 ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच
कतरास :
फूलारीटांड़ पंचायत सचिवालय में बुधवार को बीसीसीएल रीजनल हॉस्पिटल डुमरा के सौजन्य से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बाघमारा के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी. के. राम और उनकी मेडिकल टीम ने 120 से अधिक लाभुकों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान मरीजों को उचित चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ-साथ जरूरतमंदों के बीच निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी. के. राम ने बताया कि लगातार बदलते मौसम के कारण लोगों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस राहत शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में बीपी, खांसी, बुखार, गैस और अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच की गई और उन्हें बचाव के उपाय बताए गए। जरूरतमंद ग्रामीणों को कैल्शियम, आयरन, बुखार, खांसी और गैस की दवाइयां दी गईं।
इस अवसर पर डॉ. बी. के. राम के साथ रंजीत सिंह, दाताराम, पंकज कुमार, अनुपम कुमार मंगलम, हिमांशु मिश्रा, राम प्रसाद, मनोज कुमार, पंचायत के मुखिया दिलीप विश्वकर्मा सहित कई स्थानीय ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।