बलियापुर की खबरें:-
बांग्ला भाषा की पढ़ाई शुरू कराने को निकाली रैली
बलियापुर: झारखंड बांग्ला भाषा उन्नयन समिति ने स्कूलों में बांग्ला भाषा की पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर बुधवार को सापटा गांव में रैली निकाली। रैली में शामिल लोगों ने पैदल ही गांव का भ्रमण किया। अध्यक्षता विश्वनाथ मंडल ने की। समिति के संस्थापक बेंगु ठाकुर ने कहा कि जब तक सड़क पर उतर कर आंदोलन नहीं होगा तब तक मांगें पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में बांग्ला भाषा की पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर सभी विधायकों के आवासों का घेराव किया जाएगा ताकि बांग्ला भाषियों को अपनी मातृभाषा की पढ़ाई संभव हो सके। मौके पर रूपाली मंडल, सांतोंना मंडल, संध्या मंडल, मीना मंडल, लतिका मंडल, मौसमी मंडल, पुतुल मंडल, सोनाली मंडल, मेनका मंडल, कुंती मंडल, सरस्वती, अमित मंडल, भोला मंडल, गोविंद ठाकुर आदि थे।
————————————————-
एकल विद्यालय के बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री वितरित
बलियापुर: लायंस क्लब आफ बलियापुर ने चौकटांड़ में एक कार्यक्रम आयोजित कर एकल विद्यालय के बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री के साथ-साथ मिठाइयां एवं बिस्कुट का वितरण किया। क्लब के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि हर साल विश्व साक्षरता दिवस पर क्लब के द्वारा स्कूली बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण किया जाता है। इस अवसर पर कुल 50 बच्चों को पाठ्य सामग्री प्रदान किया गया। मौके पर क्लब के सचिव चितरंजन महतो, गिरधारी लाल अग्रवाल, देवव्रत मुखर्जी, कैलाश प्रसाद अग्रवाल, स्वप्न कुमार महतो आदि थे।
————————————————–
मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की फरियाद
बलियापुर: सांसद प्रतिनिधि मनबोध रवानी ने उपायुक्त को आवेदन देकर नीमटांड़ के अजीत रवानी की मृत्यु की घटना के बाद तय मुआवजा राशि का भुगतान कराने की मांग की है। आवेदन में कहा है कि रेलवे के ठेकेदार के साथ वार्ता हुई थी। वार्ता में छह लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमती बनी थी, लेकिन मामला अधर में लटका हुआ है।
मालूम हो कि बीते 9 जून को कुसमाटांड़ के 58 वर्षीय नाइट गार्ड अजीत रवानी का शव गोलमारा के पास से पुलिस ने बरामद किया था। मृतक आमझर स्थित श्री एंटरप्राइजेज फ्लाई ऐश फैक्ट्री में नाइट गार्ड का काम करता था। घटना के विरोध में काफी बवाल हुआ था।