कतरास-बाघमारा की खबरें:-
कतरास पुलिस ने चलाया वाहन जांच अभियान
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को संयुक्त रूप से कतरास बाजार क्षेत्र में गहन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विशेष रूप से टोटो चालको, स्कूली और मालवाहक वाहन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस चेक किया गया । नाबालिगों द्वारा चलाए जा रहे मोटरसाइकिल को जप्त कर थाना लाया गया है। पुलिस ने कतरास थाना चौक से बसअड्डा गुहीबांध तक रोड के दोनों किनारे लगाने वाले सब्जी दुकानों को सड़क से हटकर दुकान लगाने के लिए निर्देशित किया गया।
———————————-
ग्रामीणों को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी
कतरास: बांसजोड़ा एवं मधुबन पंचायत में मंगलवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के तत्वावधान में विधिक जागरूकता मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बांसजोड़ा पंचायत में मुखिया समीर कुमार लाला उर्फ राजा लाला, रोजगार सेवक बूंदन रजक, डालसा के पीएलवी पूजा झा व राम नारायण महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। वहीं, मधुबन पंचायत में मुखिया कमलेश्वर प्रसाद महतो उर्फ बिरजू, राजू महतो, मनोज महतो, रंजीत रविदास एवं राजकुमार महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम से पूर्व डालसा की ओर से अतिथियों को शॉल एवं पौधा देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान डालसा के प्रतिनिधियों ने उपस्थित ग्रामीणों को नि:शुल्क कानूनी सहायता, बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कानूनी जानकारी के अभाव में कोई भी गरीब, असहाय या जरूरतमंद व्यक्ति अपने अधिकारों एवं न्याय से वंचित न रहे।
ग्रामीणों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की विधिक समस्या होने पर वे बिना किसी झिझक के जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क कर नि:शुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर भी संपर्क किया जा सकता है। मौके पर वार्ड सदस्य, आंगनबाड़ी सहिया, स्वास्थ्य साहिया,जल सहिया और ग्रामीण उपस्थित थे।
———————————–
बैंक ऑफ इंडिया ने बांटी शैक्षणिक सामग्री
कतरास : बैंक ऑफ इंडिया केसरगढ़ शाखा की ओर से मंगलवार को केसरगढ़ पंचायत के सभी सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच पेन, पेंसिल, स्टंप बॉक्स सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। इस पहल से विद्यालयों के बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना तथा उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है। बैंक की इस पहल को स्थानीय लोगों एवं विद्यालय परिवार ने सामाजिक सरोकार से जुड़ा एक सराहनीय कदम बताया।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया, केसरगढ़ शाखा के शाखा प्रबंधक मनीष कुमार और रूपलाल साव का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इस अवसर पर केसरगढ़ पंचायत की मुखिया बबीता देवी, गीता देवी, मनीलाल महतो, एन. प्रसाद एवं परवीन सहित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।