जिले के प्रथम शिक्षक उत्कृष्टता सम्मान से नवाजे गए संजीव कुमार

जिले के प्रथम शिक्षक उत्कृष्टता सम्मान से नवाजे गए संजीव कुमार

15 हजार की पुरस्कार राशि विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में खर्च करने की घोषणा

डीजे न्यूज, गिरिडीह : शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सदर प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्र स्थित पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय धनयडीह के नोडल शिक्षक संजीव कुमार को गिरिडीह जिले के प्रथम “जिला शिक्षक उत्कृष्टता सम्मान-2026” से सम्मानित किया गया। शिक्षक दिवस के अवसर पर डायट, बगोदर में आयोजित जिला शिक्षक सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार की ओर से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए जिला स्तर से अनुशंसित संजीव कुमार को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, शॉल एवं 15 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।

संजीव कुमार ने विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने, विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने तथा बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने में लगातार योगदान दिया है। उनके इसी कार्य और समर्पण को देखते हुए उन्हें जिले के प्रथम शिक्षक उत्कृष्टता सम्मान के लिए चुना गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद संजीव कुमार ने पुरस्कार में मिली 15 हजार रुपये की पूरी राशि विद्यालय को समर्पित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षक के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि विद्यार्थियों की सफलता और विद्यालय का विकास है। इस राशि का उपयोग विद्यार्थियों के हित में शैक्षणिक गतिविधियों और अन्य जरूरी शैक्षणिक कार्यों को बेहतर बनाने में किया जाएगा।

संजीव कुमार के इस निर्णय की विद्यालय परिवार ने सराहना की। शिक्षकों ने कहा कि उनका सम्मान जिले के शिक्षकों के लिए प्रेरणा का विषय है। वहीं, पुरस्कार राशि को विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए समर्पित करना उनके कर्तव्यनिष्ठा, सेवाभाव और शिक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। विद्यालय परिवार ने संजीव कुमार को सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top