सुदिव्य सोनू के परिवार के साथ हर कदम पर खड़े रहेंगे व्यापारी व सामाजिक संगठन
चैंबर, मारवाड़ी सम्मेलन और युवा मंच की संयुक्त श्रद्धांजलि सभा में परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स, गिरिडीह जिला मारवाड़ी सम्मेलन एवं मारवाड़ी युवा मंच गिरिडीह की ओर से मंगलवार को संयुक्त रूप से श्री श्याम भवन परिसर में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि देने के लिए सभा आयोजित की गई। सभा में तीनों संगठनों के 100 से अधिक सदस्य शामिल हुए।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए अशोक जैन, श्रवण केडिया एवं अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला ने दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि सुख के दिनों में जिस तरह सभी उनके साथ रहे, उसी तरह आज उनके परिवार के दुख की घड़ी में भी सभी एकजुट होकर उनके साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने संकल्प दोहराते हुए कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के परिवार को जिस भी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी, जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स, जिला मारवाड़ी सम्मेलन और मारवाड़ी युवा मंच के सदस्य हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
श्रद्धांजलि सभा के बाद तीनों संगठनों के सदस्य सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पर पहुंचे। वहां उन्होंने उनकी धर्मपत्नी श्रीमती श्वेता शर्मा एवं दोनों पुत्रियों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। सदस्यों ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा समाज उनके परिवार के साथ खड़ा है और भविष्य में भी परिवार को किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सदस्यों ने कहा कि “आपके परिवार के दुख की घड़ी में हम सदैव आपके साथ हैं। जैसा भी सहयोग आप अपेक्षा रखेंगे, हम सभी उसके लिए तत्पर रहेंगे।”
इस पर श्रीमती श्वेता शर्मा ने उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया और इस कठिन समय में उनके द्वारा दिए गए भरोसे एवं संवेदना के लिए धन्यवाद दिया।