केंद्र के MMDR संशोधन के खिलाफ कांग्रेस का बिगुल, 7 सितंबर को राजभवन मार्च की तैयारी

केंद्र के MMDR संशोधन के खिलाफ कांग्रेस का बिगुल, 7 सितंबर को राजभवन मार्च की तैयारी

डीजे न्यूज, गिरिडीह : केंद्र सरकार के MMDR संशोधन अधिनियम-2026 के विरोध में कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। आगामी 7 सितंबर को राजभवन के समक्ष प्रस्तावित विशाल मार्च एवं धरना-प्रदर्शन को लेकर शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष सतीश केडिया की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें आंदोलन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की भागीदारी और तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि MMDR संशोधन कानून के जरिए केंद्र सरकार राज्यों के खनिज संपदा और जमीन पर उपकर व कर लगाने के अधिकार को सीमित करने का प्रयास कर रही है। जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि इस संशोधन से झारखंड को हर वर्ष हजारों करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है। इससे राज्य की विकास एवं कल्याणकारी योजनाएं प्रभावित होने की आशंका है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। यदि केंद्र सरकार संशोधन विधेयक को वापस नहीं लेती है, तो पार्टी आंदोलन को और धार देगी तथा सड़क से लेकर सदन तक विरोध जारी रहेगा। 7 सितंबर को होने वाले राजभवन मार्च में पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई।

बैठक के दौरान राम मंदिर चंदा मामले का मुद्दा भी उठाया गया। सतीश केडिया ने कहा कि राम मंदिर के नाम पर गठित ट्रस्ट में चंदे से संबंधित कथित अनियमितताओं की जांच होनी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल आर्थिक गड़बड़ी का नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है।

बैठक से पहले शिक्षक दिवस के अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति एवं प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती मनाई गई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया।

मौके पर अशोक कुमार विश्वकर्मा, मोहम्मद अली खान, विमल सिंह, मोहम्मद इम्तियाज, धनंजय गोस्वामी, महेंद्र प्रसाद सिंह, मोहम्मद निजामुद्दीन, मोतीलाल शास्त्री, मोहम्मद मुनीर, मोहम्मद निजाम अंसारी, बिलाल अहमद हुसैनी, मोहम्मद शाहनवाज आलम, मोहम्मद सोहेल, मोहम्मद सरफराज अंसारी, सुलेमान अख्तर, कपिल देव राय, रोनित कुमार वर्मा, इतवारी वर्मा, रामदेव चौधरी, सुदामा राम, रणधीर कुमार चौधरी, मोहम्मद मंजूर अंसारी, दिलावर अंसारी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top