सड़क किनारे के सूखे पेड़ों की लकड़ियां सिविल सोसाइटी को दे वन विभाग, न्यूनतम दर पर श्मशान घाटों को कराएंगे उपलब्ध
निर्मल झुनझुुनवाला के नेतृत्व में वन क्षेत्र पदाधिकारी से मिल प्रतिनिधिमंडल ने की मांग
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह के विभिन्न श्मशान घाट में दाह संस्कार के लिए लकड़ी की कमी को देखते हुए सिविल सोसाइटी गिरिडीह के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को वन क्षेत्र पदाधिकारी, पूर्वी प्रमंडल गिरिडीह से उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात की।
प्रतिनिधि मंडल ने आवेदन के साथ वन क्षेत्र पदाधिकारी से आग्रह किया कि गिरिडीह के विभिन्न सड़क किनारे अथवा अन्य क्षेत्रों में सूखे, जर्जर, मृतप्राय और दुर्घटना को आमंत्रित करने वाले झुके हुए पेड़ों को कटवाकर उनकी लकड़ियां वन विभाग द्वारा न्यूनतम दर पर सिविल सोसाइटी के माध्यम से विभिन्न श्मशान घाट का संचालन करने वाली समितियां को उनकी आवश्यकता के अनुसार देने की एक प्रक्रिया शुरू करे ताकि दाह संस्कार के लिए न्यूनतम दर पर लड़कियां विभिन्न श्मशान घाटों को उपलब्ध कराई जा सके।
वन क्षेत्र पदाधिकारी मनीष कुमार तिवारी ने प्रतिनिधि मंडल के आग्रह को काफी गंभीरता एवं संवेदना के साथ लिया और बताया कि वह निश्चित रूप से इस पुनीत कार्य के लिए योजना बनाकर कार्य करेंगे और दाह संस्कार के लिए लकड़ियों की दिक्कत ना हो, इसके लिए जल्द ही ठोस उपाय करेंगे।
प्रतिनिधि मंडल में सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला, महासचिव शंकर पांडेय, कार्यकारिणी सदस्य लखनलाल, देवराज आनंद, कृष्णा मोदी आदि कई सदस्य शामिल रहे।
सिविल सोसाइटी के सदस्यों द्वारा वन क्षेत्र पदाधिकारी को उनकी सकारात्मक सोच के लिए धन्यवाद ज्ञापन किया गया।