बीएनएस डीएवी में राखी मेकिंग व नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन 

बीएनएस डीएवी में राखी मेकिंग व नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल, सिरसिया में रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी के अवसर पर राखी मेकिंग और नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। बाल वाटिका से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी रचनात्मक और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

राखी मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगी एवं आकर्षक राखियां तैयार कर अपनी सृजनात्मक क्षमता का परिचय दिया। वहीं नृत्य प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, प्रेम और स्नेह को विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। मनमोहक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।

रक्षाबंधन की भावना को और मजबूत करते हुए छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार की गई राखियां विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग, सीसीएल डीएवी गिरिडीह के प्राचार्य ओमप्रकाश गोयल तथा बीएनएस डीएवी बुलाकी रोड के प्राचार्य दिलीप सिंह को बांधी। इस दौरान भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, स्नेह और सम्मान का संदेश दिया गया।

प्राचार्य सचिन गर्ग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों की छिपी प्रतिभा को मंच देने के साथ उनके आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे नियमित अभ्यास के जरिए अपनी प्रतिभा को निखारें और हर क्षेत्र में उत्साह व आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।

कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह में झंडा मैदान पर आयोजित परेड में शामिल विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य सचिन गर्ग ने विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का सराहनीय योगदान रहा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top