जेलगोरा अस्पताल के कर्मियों ने की ओपीडी बंद करने की घोषणा
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): जेलगोरा अस्पताल में कार्यरत एक महिला कर्मचारी द्वारा डॉक्टर एवं अन्य अस्पताल कर्मियों पर कथित रूप से झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगाए जाने के विरोध में अस्पताल कर्मियों ने बुधवार को ओपीडी सेवा बंद रखने की घोषणा की है। इस निर्णय से मरीजों को होने वाली परेशानी की आशंका जताई जा रही है।
अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने महिला कर्मी द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए इसका विरोध किया है। कर्मियों का कहना है कि इस तरह के झूठे आरोपों से अस्पताल का कार्य वातावरण प्रभावित हो रहा है तथा कर्मचारियों की प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंच रही है।
अस्पताल कर्मियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही झूठे एवं मनगढ़ंत आरोप लगाने वाली महिला कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है। कर्मियों का कहना है कि मामले में उचित कार्रवाई होने तक वे अपने विरोध को जारी रखेंगे।
हालांकि, महिला कर्मचारी द्वारा लगाए गए आरोपों और पूरे मामले की आधिकारिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।