स्कूली छात्राओं ने प्रशासनिक अधिकारियों को बांधी राखी छात्राओं के साथ उपायुक्त ने किया खुला संवाद

स्कूली छात्राओं ने प्रशासनिक अधिकारियों को बांधी राखी

छात्राओं के साथ उपायुक्त ने किया खुला संवाद

डीजे न्यूज, धनबाद: मंगलवार को समाहरणालय में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों की छात्राओं ने उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी  एस. मोहम्मद याकूब तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनकी लंबी उम्र की कामना की। अधिकारियों ने छात्राओं को आशीर्वाद व उपहार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राखी बांधने के उपरांत उपायुक्त ने छात्राओं के साथ खुला संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से उनके विद्यालय, पठन-पाठन की स्थिति और दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उपायुक्त ने सभी छात्राओं को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

खुला संवाद के दौरान प्लस टू हाई स्कूल कोलाकुसमा की छात्राओं ने स्कूल के एप्रोच रोड को बनाने, स्मार्ट बोर्ड लगाने तथा संगीत वाद्ययंत्र उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय गोविंदपुर की छात्राओं ने विद्यालय में डीप बोरिंग कराने, प्राइमरी स्कूल नेरो गोविंदपुर में बाउंड्री वॉल बनाने व बेंच डेस्क उपलब्ध कराने की मांग की।

उत्क्रमित मिडिल स्कूल भालगोड़ा की छात्राओं ने स्कूल के जर्जर भवन से उपायुक्त को अवगत कराया। साथ ही बताया की रसोई घर का दरवाजा तोड़ा गया है एवं चोरों ने बर्तन चोरी कर लिए हैं।

जबकि मिडिल स्कूल सरायढेला की छात्राओं ने बताया कि विद्यालय के बाहर मनचलों की हरकत से सभी छात्राएं परेशान रहती है। बताया कि शाम के बाद विद्यालय परिसर में अड्डाबाजी, स्कूल के आसपास अवांछित तत्वों का जमावड़ा, विद्यालय परिसर में चोरी तथा छुट्टी के बाद मनचलों और शरारती तत्वों द्वारा छात्राओं के साथ अशोभनीय हरकतें किए जाने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी  प्रभात कुमार ने मौके पर ही संबंधित थाना प्रभारियों से फोन पर बात कर शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेने और आवश्यकतानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

वहीं उत्क्रमित मिडिल स्कूल बस्तीपुर में एप्रोच रोड बनाने, मिडिल स्कूल खास निरसा के आसपास से अतिक्रमण हटाने, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय धनबाद का एप्रोच रोड बनाने, प्राथमिक विद्यालय कतरासगढ़ में वॉशरूम बनवाने, गर्ल्स हाई स्कूल भागा में सोलर लाइट व डीप बोरिंग कराने, मिडिल स्कूल जगजीवन नगर में बेंच डेस्क, स्मार्ट बोर्ड एवं खेल मैदान को समतल करने, प्राइमरी स्कूल चालधोवा में कंप्यूटर टीचर देने, मिडिल स्कूल पंडुकी में स्मार्ट बोर्ड उपलब्ध कराने की मांग छात्राओं ने की।

संवाद के दौरान पीएम श्री राजगंज की छात्राओं ने बताया कि हाई स्कूल एवं मिडिल स्कूल सड़क के आर पार है। जिसके कारण छात्राओं को सड़क पार करने में समस्या होती है। जबकि विद्यालय ने सड़क पर बैरिकेड लगाए हैं। फिर भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उपायुक्त ने मामले की गंभीरता देखते हुए पथ निर्माण विभाग से स्कूल के पास शीघ्र रंबल स्ट्रिप लगाने का आश्वासन दिया।

सभी स्कूलों में कंप्यूटर टीचर की मांग का समाधान निकालते हुए उपायुक्त ने कहा कि स्कूल के शिक्षकों को तीस-तीस के बैच में कंप्यूटर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे समस्या का समाधान हो जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि रक्षा बंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और रक्षा के पवित्र रिश्ते का प्रतीक पर्व है। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।

वहीं छात्राओं को सुरक्षित महसूस कराने के लिए एसएसपी ने कहा कि जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया जाएगा कि अपने-अपने थाना क्षेत्र में स्थित बालिका विद्यालय, आवासीय विद्यालय समेत सभी स्कूलों और छात्र छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें। विद्यालयों के आसपास पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी और संदिग्ध एवं अवांछित गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्राओं को परेशान करने वाले मनचलों और शरारती तत्वों के खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि थाना प्रभारियों को दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

समारोह के दौरान छात्राओं ने अपने हाथों से बनाई सामग्री उपायुक्त एवं एसएसपी को भेंट की। कुछ छात्राओं ने दोनों वरीय पदाधिकारी के ऑटोग्राफ भी लिए।

समारोह के दौरान विद्यालय की शिक्षिका, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद थी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top