धनबाद थाना मे हरित वाटिका का आईजी ने किया उद्घाटन आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ एसएसपी कार्यालय, मुलाकातियों को मिलेगा टोकन

धनबाद थाना मे हरित वाटिका का आईजी ने किया उद्घाटन

आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ एसएसपी कार्यालय, मुलाकातियों को मिलेगा टोकन

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद समाहरणालय परिसर स्थित वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के जीर्णोद्धार के बाद सोमवार को इसे नया और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया। बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने वैदिक रीति-रिवाज से नवनिर्मित एसएसपी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी  ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब समेत जिले के सभी डीएसपी एवं एसडीपीओ मौजूद रहे।

जीर्णोद्धार के बाद एसएसपी कार्यालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए भव्य एवं व्यवस्थित रूप दिया गया है। कार्यालय परिसर में फ्रंट ऑफिस, टेलीफोन सेक्शन और कंप्यूटर सेक्शन की स्थापना की गई है। कार्यालय आने वाले प्रत्येक मुलाकाती को टोकन उपलब्ध कराया जाएगा जिससे मुलाकात की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी हो सकेगी।

मुलाकातियों की शिकायतों एवं उनसे संबंधित जानकारी का ऑनलाइन रिकॉर्ड रखा जाएगा। शिकायतों की समय-समय पर मॉनिटरिंग की जाएगी तथा शिकायत के निष्पादन के बाद संबंधित व्यक्ति को इसकी सूचना भी दी जाएगी। इससे आम लोगों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन में मदद मिलेगी।

एसएसपी कार्यालय के गलियारों को भी विशेष रूप से सजाया जा रहा है। यहां स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरें लगाई जाएंगी जिससे कार्यालय आने वाले लोगों को देश के स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों के योगदान से परिचित कराया जा सके।

उद्घाटन के अवसर पर आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने धनबाद एसएसपी कार्यालय के नए स्वरूप की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यालय पूरे झारखंड में एक शानदार एवं आधुनिक कप्तान कार्यालय के रूप में विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि धनबाद एसएसपी कार्यालय का यह स्वरूप दूसरे जिलों के लिए भी प्रेरणा की मिसाल बनेगा।

आईजी ने एसएसपी प्रभात कुमार की कार्यप्रणाली की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था के संधारण और अपराध नियंत्रण के साथ धनबाद पुलिस ने आधुनिक, व्यवस्थित एवं जनोन्मुख पुलिसिंग का मॉडल प्रस्तुत किया है।

धनबाद थाना में हरित वाटिका का उद्घाटन

एसएसपी कार्यालय के उद्घाटन के बाद आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा के साथ जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी धनबाद थाना पहुंचे। यहां थाना परिसर में नव निर्मित हरित वाटिका का उद्घाटन आईजी ने किया।

हरित वाटिका के लोकार्पण के बाद आईजी ने थाना परिसर को बेहतर एवं सकारात्मक वातावरण देने की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस थानों में स्वच्छता, हरियाली और बेहतर वातावरण से पुलिसकर्मियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी सकारात्मक अनुभव मिलता है। इस दौरान आईजी ने वहां जारी अन्य निर्माण कार्यो की जानकारी भी प्राप्त किया।

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि धनबाद थाना परिसर में हरित वाटिका के रूप में पार्क का निर्माण केवल सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से नहीं किया गया है, बल्कि इसके पीछे थाना व्यवस्था को और बेहतर बनाने की सोच है। इसका उद्देश्य थाना परिसर में सकारात्मक माहौल तैयार करना है, ताकि नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सके।

उन्होंने कहा कि जिले के सभी थाना परिसरों एवं पुलिस कार्यालयों की व्यवस्था को निरंतर मजबूत, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की प्रक्रिया जारी है। आने वाले दिनों में बैंक मोड़ थाना समेत जिले के अन्य थानों के स्वरूप में भी बदलाव देखने को मिलेगा।

एसएसपी ने धनबाद थाना के सौंदर्यीकरण एवं हरित वाटिका के निर्माण में योगदान के लिए थाना प्रभारी मनोज पाण्डेय एवं पूर्व थाना प्रभारी राम नारायण ठाकुर के प्रयासों की भी सराहना की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top