झरिया व आसपास की खबरें:-
आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकजुटता का दिया संदेश
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): शालीमार गायत्री मंदिर परिसर में प्रज्ञा मंडल महिला मंडल के तत्वावधान में श्रद्धा और उत्साह के साथ सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने सावन के पावन माह की खुशियां आपस में साझा करते हुए विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
महोत्सव के दौरान सुहागिन महिलाओं को श्रृंगार दान प्रदान किया गया। महिलाओं ने एक-दूसरे को श्रृंगार सामग्री देकर सुखी वैवाहिक जीवन और परिवार की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गायत्री परिवार से जुड़ी महिलाएं उपस्थित थी।
खुशबू यादव ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से महिलाओं के बीच आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकजुटता मजबूत होती है। सावन महोत्सव के आयोजन से पूरे मंदिर परिसर में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा।
—————————————–
बच्चों ने दिखाई सृजन का हुनर
झरिया: डीएवी पब्लिक स्कूल बनियाहीर में अंतर-सदन सृजनात्मक कला प्रदर्शन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता तीन वर्गों में विभाजित की गई थी। प्रथम वर्ग में कक्षा तीसरी से छठी तक, द्वितीय वर्ग में कक्षा सातवीं से नौवीं तक और तृतीय वर्ग में कक्षा दसवीं से बारहवीं तक के बच्चे शामिल थे।
प्रतियोगिता के मुख्य विषय पुष्प गुच्छ निर्माण तथा राखी निर्माण रहे। बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक राखियों को देखकर सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मंत्रमुग्ध हो गए।
कार्यक्रम का निर्देशन संगीत शिक्षक सह सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी पंकज कुमार दुबे ने किया। निर्णायक मंडल में चित्रकला शिक्षिका निधि कुमारी तथा अतोषी चक्रवर्ती शामिल रहीं।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अभिलाषा कुमारी ने बच्चों की प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि अपनी प्रतिभा के बल पर यही बच्चे आने वाले समय में विद्यालय का नाम देदीप्यमान करेंगे।
————————————-
लो-वोल्टेज और एक फेज सप्लाई से लोग परेशान
झरिया: डिगवाडीह सब स्टेशन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के लोग इन दिनों गंभीर बिजली समस्या से जूझ रहे हैं। कहीं एक फेज बिजली की आपूर्ति हो रही है तो कहीं लो-वोल्टेज की समस्या से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं कई स्थानों पर बिजली के तार टूटकर गिरने के कारण भी आपूर्ति बाधित हो रही है। लगातार उत्पन्न हो रही बिजली समस्याओं को लेकर क्षेत्र के लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित और पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से घरेलू कार्यों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं। उमस भरी गर्मी में बिजली की अनियमित आपूर्ति ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। लो-वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर सहित अन्य विद्युत उपकरण भी सही ढंग से काम नहीं कर रहे हैं।
लोगों ने बिजली विभाग से क्षेत्र की खराब बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार करने, टूटे तारों की मरम्मत कराने तथा सभी क्षेत्रों में नियमित और पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।