डीईओ से मिला शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल समस्याओं के निराकरण को सौंपा मांगपत्र

डीईओ से मिला शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल

समस्याओं के निराकरण को सौंपा मांगपत्र

डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा से मुलाकात किया। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन उन्हें सौंपा।

प्रमुख मांगें

कक्षा 10वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा एवं बोर्ड परीक्षा के फॉर्म भरने के बीच कम से कम एक माह का अंतर रखा जाए, ताकि विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।

माध्यमिक शिक्षकों को ससमय वेतन भुगतान नहीं हो पा रहा है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए वित्त विभाग द्वारा जारी निर्देश के आलोक में प्रक्रिया को सरल बनाते हुए समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई।

जनगणना तथा एसआइआर कार्य में प्रतिनियुक्त शिक्षकों को सार्वजनिक अवकाश के दिनों में किए गए कार्य के बदले  क्षतिपूर्ति अवकाश प्रदान करने की मांग की गई।

शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से पूर्णतः मुक्त रखने की मांग की गई, ताकि वे अपना पूरा समय विद्यार्थियों के पठन-पाठन एवं शैक्षणिक गतिविधियों में दे सकें।

ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर शिक्षकों एवं कर्मियों द्वारा ऑनलाइन अवकाश लेने की प्रक्रिया में आवश्यक सुधार किए जाने तथा पोर्टल पर उत्पन्न समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग रखी गई।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शिक्षक विभागीय एवं गैर-शैक्षणिक दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हैं। ऐसे में शिक्षकों की जायज समस्याओं का समयबद्ध समाधान आवश्यक है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित समस्याओं पर यथोचित एवं सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में संघ के  सचिव उत्तम कुमार मंडल, सेवानिवृत्ति शिक्षक आर एन यादव, नीरज कुमार प्रसाद, अरुण कुमार, संजय भट्ट, काजी इम्तियाज, राजीव मिश्रा, कमल पांडेय, विकास मंडल, शिव हांसदा , श्वेता पांडेय, निर्मल चंद्र मंडल, रूपेश बनर्जी सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top