बीएड-डीएलएड प्रशिक्षुओं के स्कूल आवंटन की डीसी ने की समीक्षा, पारदर्शी प्रक्रिया पर जोर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : बीएड एवं डीएलएड प्रशिक्षुओं के विद्यालय अवलोकन और अभ्यास पाठ को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। मंगलवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रशिक्षुओं को विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया की समीक्षा की।
बैठक के दौरान विद्यालय अवलोकन एवं अभ्यास पाठ के लिए विद्यालयों के चयन और आवंटन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण के दौरान विद्यालय अवलोकन और अभ्यास पाठ प्रशिक्षुओं के लिए व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे उन्हें विद्यालयी वातावरण, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, विद्यार्थियों की आवश्यकताओं और कक्षा प्रबंधन की व्यवहारिक जानकारी मिलती है।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षुओं के लिए विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुव्यवस्थित हो। विद्यालयों का चयन आवश्यकता के अनुरूप किया जाए, ताकि प्रत्येक प्रशिक्षु को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण व्यावहारिक प्रशिक्षण का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को वास्तविक विद्यालयी परिस्थितियों को समझने का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए विद्यालय अवलोकन एवं अभ्यास पाठ की पूरी प्रक्रिया को प्रभावी बनाने तथा संबंधित प्रशिक्षण संस्थानों और शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि विद्यालय आवंटन के दौरान सभी आवश्यक पहलुओं का ध्यान रखा जाए, जिससे प्रशिक्षुओं को अपने प्रशिक्षण में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।